काला धान के मुद्दे पर एक बार फिर मुखर हुए समाजवादी नेता मनोज सिंह डब्लू
Chandauli News: समाजवादी पार्टी के फायर ब्रांड नेता मनोज सिंह डब्लू रविवार को एक बार फिर बहुप्रतिष्ठित काला चावल के मुद्दे पर मुखर नजर आए। उन्होंने पनदेउरा में किसान वीरेंद्र सिंह के यहां काला चावल की खीर खाई। साथ ही सरकार को किसानों के डंप पड़े काला धान की खरीद सुनिश्चित करने का आग्रह किया। कहा कि किसानों की इस छोटी मांग को स्वीकार कर लें और जिन 200 किसानों का 1200 कुंतल धान मंडी समिति में सड़ रहा है उसे सरकार खरीदना सुनिश्चित करें। क्योंकि काला चावल की ब्रांडिंग खुद सरकार ने की। मंच से पीएम व सीएम ने बड़े-बड़े वादे किए और किसानों को सपने दिखाए। बावजूद इसके काला धान की खरीद करने वाला खरीददार किसानों को नहीं मिल रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दावे व प्रशासनिक भरोसे पर चंदौली के कई छोटे-बड़े किसानों ने बड़ी उम्मीदों के साथ काला धान की खेती की। किसानों को यकीन था कि फसल कटेगी तो उनके यहां खुशियां आएंगी। किसी किसान के बेटी की शादी होगी तो किसी किसान परिवार का बेटा पढ़-लिख लेगा। मां-बाप की दवाई के खर्च का बोझ कम हो जाएगा। लेकिन फसल तैयार हुई और सिवान से खलिहान होते हुए मंडी पहुंच गयी। बावजूद इसके उसे कोई खरीदार नहीं मिला। आज चंदौली के सैकड़ों किसान अपने उपज को बेचने की आज लगाए बैठे हैं। ऐसे में सरकार का भी यह दायित्व बनता है कि वह किसानों के प्रति संवेदना दिखाए और जो फसल किसानों ने पैदा की है उसे खरीदना सुनिश्चित करे। क्योंकि एक जनपद, एक उत्पाद स्कीम के तहत किसानों को प्रेरित करके अधिकारियों ने काला धान की खेती कराई थी, लेकिन उनकी खरीद सुनिश्चित करने में सभी हाथ पीछे खींच रहे। कहा कि किसानों के साथ-साथ बाबा कीनाराम मठ में पैदा हुए काला धान की उपज भी मंडी समिति में सड़ रही है, लेकिन जिला प्रशासन व शासन उसे खरीदने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठा रहा है। कहा कि कण-कण में बसने वाले बाबा कीनाराम के जन्मोत्सव पर सीएम योगी आदित्यनाथ आते हैं, लेकिन उस मठ की धान की फसल खरीदने के लिए पहल नहीं होती इससे बड़ा दुर्भाग्य नहीं हो सकता। चेताया कि यदि जिला प्रशासन इस आग्रह को संज्ञान में लेकर खरीद सुनिश्चित नहीं करता है तो जल्द बड़ा आंदोलन होगा।

