15 C
New York
Tuesday, September 26, 2023

Buy now

मोदी–योगी की डबल इंजन सरकार से न्याय की उम्मीद ना करें जनताः प्रियंका गांधी

- Advertisement -

वाराणसी‚ पूर्वांचल डेस्क। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी रविवार को वाराणसी के दौरे पर रहीं। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। सभास्थल पर उमड़ी भीड़ से गदगद प्रियंका ने लखीमपुरखीरी की घटना से लेकर बेतहाशा बढ़ती महंगाई व अपराध के मुद्दे पर मोदी-योगी को घेरते हुए कहा डबल इंजन की सरकार में न्याय की उम्मींद करना बेमानी है। इस सरकार में सिर्फ भाजपा के साथ वाले और बड़े उद्योगपति ही सुरक्षित है और उन्हीं का बोलबाला है। यह बातें प्रियंका गांधी रोहनिया स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज के मैदान में किसान न्याय रैली को संबोधित करते हुए कहीं। इसके पूर्व उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर और मां कूष्मांडा के दरबार में हाजिरी लगाई।

उन्होंने लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा के मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि ’गृह राज्य मंत्री के बेटे ने अपनी गाड़ी से किसानों को कुचल दिया और सभी 6 परिवार मुआवजा नहीं न्याय मांग रहे हैं लेकिन यह सरकार न्याय नहीं दिलाएगी। सरकार मंत्री के बेटे को बचा रही है। लेकिन जब तक मंत्री का इस्तीफा नहीं हो जाता ये लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने देश के नए कृषि कानूनों को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। 

उन्होंने कहा कि आपकी खेती धीरे-धीरे छीनी जा रही है। किसानों का खेत अरबपतियों के कब्जे में जा रहा है। इसलिए सभी को सावधान रहने की जरूरत है। बीजेपी किसानों का अपमान कर रही है। कोरोना के समय लोगों को ये उम्मीद नहीं थी कि ये सरकार उनकी मदद करेगी। उसके बाद हाथरस में अपराध हुआ। सरकार ने अपराधियों को नहीं रोका। सरकार ने परिवार के सदस्यों को अपनी बेटी की चिता जलाने से रोका। उस परिवार ने मुझसे कहा कि दीदी हमें न्याय चाहिए, लेकिन हम न्याय की उम्मीद नहीं कर सकते।


प्रियंका गांधी ने कहा कि सौ रुपए का पेट्रोल–डीजल, एक हजार का सिलेंडर मिल रहा है। बेरोजगारी चरम पर है। शहरों को साफ करने वालों के प्रति अपशब्द कहे सीएम ने। जनता दुखी और त्रस्त है। आप इन परेशानियों से गुजर रहे हैं संघर्ष कर रहे हैं वहीं पीएम के खरबपति मित्र रोजाना हजारों करोड़ कमा रहे हैं। कोरोना काल में रोजगार बंद हुआ लेकिन सरकार ने राहत नहीं दी। देश के हवाई अड्डे, रेलवे अपने मित्रों को सौंप दिए। पीएम ने अपने लिए दो हवाई जहाज खरीदे। एक हवाई जहाज आठ हजार करोड़ का और देश की एयर इंडिया को 18 हजार करोड़ में बेच दिया। कहा कि देश नष्ट हो रहा है, इसको पहचानिए। सच्चाई बोलने से क्यों डर रहे हैं। चुनाव की नहीं अब देश की बात है।  

उन्होंने कहा कि भारत देश भाजपा के पदाधिकारी और प्रधानमंत्री की जागीर नहीं है, आपका देश है। जागरूक और समझदार नहीं बनेंगे तो ना खुद को बचा पाएंगे और न देश को। आपकी मेहनत ने इस देश को बनाया है। आपको आतंकवादी कहने वालों को न्याय देने के लिए विवश कीजिए। अपने अंतर्मन में झांकिए, एक सवाल पूछिए क्या इन सात सालों में आपके जीवन में तरक्की आई, विकास आपके दरवाजे पर आया। अगर सवालों का जवाब नहीं है तो आइए मेरे साथ कंधे से कंधा मिलाकर सरकार को बदलिए। भाषण के अंत में प्रियंका ने नवरात्र की शुभकामानएं दीं।

किसानों से नहीं मिले पीएम और सीएम
प्रियंका गांधी ने कहा कि लखीमपुर में किसानों से मिलने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री अभी तक नहीं गए। दुनिया के कोने-कोने तक प्रधानमंत्री घूम सकते हैं। देश-देश भ्रमण कर सकते हैं लेकिन अपने देश के किसानों से भेंट करने नहीं जा सकते। किसानों को वो आंदोलनजीवी और पता नहीं क्या-क्या कहते हैं। प्रियंका ने कहा कि हम डरेंगे नहीं।
क्या विकास का रथ आपके द्वार पहुंचा हैः प्रियंका
प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा सरकार के आने के बाद क्या आपकी जिंदगी में कोई बदलाव आया है। क्या विकास का रथ आपके द्वार पहुंचा है। अपने आप से पूछिए कि भाजपा सरकार में आपका कितना विकास हुआ है। बिजली का दाम तीन बार बढ़ा दिया। जिनके घर में बिजली नहीं उनके घर में भी बिजली का बिल आता है। ऐसे दिनों की किसी ने कल्पना नहीं की थी। केवल बड़े-बड़े पोस्टरों में दिखावा होता है। कृषि कानूनों का जिक्र कर कहा कि मोदी जी के अरबपति मित्रों ने पिछले साल हिमाचल से सेब को 88 रुपये प्रतिकिलो खरीदे थे। लेकिन इस बार जब लागत महंगी है तो वही सेब 77 रुपये प्रति किलो खरीद रहे हैं। वो अपने मन से सेब के दाम तय कर रहे हैं। इससे किसानों का भला हुआ क्या?


इस दौरान किसान न्याय रैली के मंच से प्रियंका से पहले कांग्रेस नेताओं ने योगी सरकार के खिलाफ हुंकार भरी। प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, विधायक आराधाना मिश्रा, पूर्व सांसद राजेश मिश्रा, पूर्व विधायक अजय राय समेत कई अन्य नेताओं ने भाजपा सरकार पर हमला बोला। प्रियंका गांधी रैली से पहले काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा के दर्शन करने पहुंची. इसके बाद उन्होंने मां दुर्गा के मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की. इससे पहले प्रियंका गांधी का वाराणसी हवाई अड्डे पर जोरदार स्वागत हुआ। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा ने प्रियंका की अगवानी की। इस दौरान शहर में कई जगह कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वाराणसी के विभिन्न मार्गो पर प्रियंका के बड़े-बड़े होर्डिंग लगाये थे।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
3,871FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest Articles

You cannot copy content of this page

Verified by MonsterInsights