17.7 C
New York
Saturday, September 21, 2024

Buy now

अनर्थकरी विद्या का व्यवसाय

- Advertisement -

Young Writer, साहित्य पटल। ललित निबंधकार डा. उमेश प्रसाद सिंह की कलम से

अर्थकारी विद्या ही सुख और समुन्नति का साधन होती है, ऐसा हमारे शास्त्रों में बार-बार कहा गया है। हमारा दुर्भाग्य यह है कि हम अर्थ के मायने धन के अलावा कुछ और भी होता है, बिल्कुल भूल चुके हैं। अर्थ के और भी अर्थ होते हैं, यह हमारी स्मृति में है ही नहीं। जीवन व्यवहार के लिए अविष्कृत भाषा का रूढ़ हो जाना, मनुष्य जाति के लिये जितना पीड़ादायक है उतना और कुछ भी नहीं। भाषा के व्यापक विस्तार का संकुचित हो जाना, हमारे जीवन विस्तार के संकुचन को ही प्रमाणित करता है। बहुस्तरीय अर्थव्यंजना के शब्दों का इकहरे अर्थ में सीमित होते जाना हमारे जीवन-बोध के निरन्तर उथले होते जाने की करुण नियति का साक्ष्य है।
हमारे पारंपरिक चिन्तन में व्यक्ति अपनी सम्पूर्ण स्वतंत्रता की गरिमा के साथ समाज की इकाई है। राष्ट्र का तत्व है। शिक्षा, व्यक्ति को समाज और राष्ट्र द्वारा सुलभ कराई जाती है। वह समाज का और राष्ट्र का अवदान है, व्यक्ति के लिए। एक शिक्षित व्यक्ति दूसरों की तुलना में अधिक ऋणी है, समाज का और राष्ट्र का। मगर हमारे समय में ऐसा नहीं है।
ऐसा क्यों नहीं है? यह बड़ा ही पीड़ादायक प्रश्न है। इस प्रश्न के सामने हम खड़ा होने का साहस ही नहीं जुटा पाते। स्वतंत्रता के बाद हमने जिस शिक्षा-व्यवस्था का विकास किया है, उसके बड़े ही विस्मयजनक परिणाम हमारे सामने हैं। हमारे समय का हर शिक्षित आदमी सोचता है कि समाज और राष्ट्र उसका ऋणी है। किसी भी हालत में समाज और राष्ट्र से उसे अपना ऋण ब्याज सहित वसूलना है। इसका उसे जन्मजात हक है। हमारी शिक्षा का पहला काम आदमी को उसकी जड़ से काटना है। जहां आदमी जनमा है, हरा हुआ है, जीवनरस पीकर बड़ा हुआ है, उस परिवार से, उस समाज से उसे उखाड़कर आत्मकेन्द्रित बनाने का काम शिक्षा का प्राथमिक काम है। कितना विस्मयजनक है- एक लोकतांत्रिक व्यवस्था के भीतर आत्मकेन्द्रित मनुष्यों की बेशुमार आबादी का बढ़ते जाना। कैसा विपर्यय है व्यवस्था के आदर्शों के विपरीत व्यवस्था का परिणाम। हमारी समूची सामाजिक व्यवस्था अगर अपने आदर्शों के विपरीत परिणाम प्रगट कर रही है तो क्या यह इस बात का स्वयं प्रमाण नहीं है कि हमारी पूरी व्यवस्था ही छद्म व्यवस्था है। हम व्यवस्था में नहीं व्यवस्था के छद्म में जी रहे हैं। आकाश पर्यन्त फैले छद्म के वितान के नीचे जिन्दगी कैसी दारुण यातना है, उसे हमारा समय सबसे अधिक जानता है।
परिवार, समाज और राष्ट्र के साथ व्यक्ति के जो पारस्परिकता के सम्बन्ध सूत्र हैं, हमारी शिक्षा उसे विच्छिन्न करने वाली शिक्षा है। इन्हीं आपसी सम्बन्धों को अर्थ प्रदान करने वाली विद्या को हमारी परम्परा में अर्थकारी विद्या कहा जाता रहा है, धन हड़पने के हथकण्डों को नहीं। विद्या केवल पेट पालने के कौशल और वैयक्तिक सुख-सुविधाओं के विस्तार का साधन नहीं है। शिक्षा व्यक्ति के साथ समाज और राष्ट्र की अभ्युन्नति का विवेक और शक्ति प्रदान करने वाला अपूर्व रसायन है। मगर यह बड़ा अजीब सच है कि हमारी स्वतंत्रता के बाद की समूची शिक्षा व्यवस्था हमारी पारस्परिकता को खण्डित और विच्छिन्न करने वाली साबित हो रही है। ऐसा क्यों है? यह सबसे विचारणीय प्रश्न है, जिस पर विचार करने का हमारा ध्यान ही नहीं जाता।
स्वतंत्रता के बाद जिस तरह के शिक्षित हमारे देश में तैयार हुये हैं, उनके विचार में और व्यवहार में पारस्परिकता, सामाजिकता और राष्ट्रीयता का कोई मूल्य बोध ही नहीं है। हम आज भी यह मानते हैं कि हमारे विकास में अशिक्षा सबसे बड़ी बाधा है। मगर सच यह है कि हमारे विकास में हमारी शिक्षा सबसे बड़ी बाधा है। राष्ट्रीय विकास के संसाधनों को अपने निजी विकास का जरिया बनाने वाली जमात अशिक्षितों की नहीं, शिक्षितों की है। पता नहीं हमारी शिक्षा की कैसी विडम्बना है कि हमें जो पढ़ाया जा रहा है, सिखाया जा रहा है, उसमें हमारी कोई रूचि नहीं है। जो नहीं पढ़ाया जा रहा है जो हमारे पाठ्यक्रमों के बाहर है, उसकी दक्षता में हम पूरे निपुण हैं। मसलन हमें पढ़ाया जाता है, पुल बनाना, सड़क बनाना, भवन बनाना और हम सीख लेते हैं पूरा-पूरा कमीशन बनाना। हमें पढ़ाई जाती है करुणा, हम सीखत लेते हैं क्रूरता। हमें सिखायी जाती है, मानव शरीर की सर्जरी, हम सीख लेते हैं, जेब काटने की कला। हमारी शिक्षा बेहद स्वार्थी क्रूर, हिंसक और लोलुप नागरिक तैयार कर रही है। हमारी शिक्षा, समाज को और राष्ट्र को कमजोर करके अपने को मजबूत बनाने का सपना देखने वाले मनुष्यों का उत्पाद बाजार मे ंउतार रही है। सचमुच यह कितना भयानक है। हमारे समय में देश सबका है, मगर देश का कोई नहीं है।
हमारे लोकतंत्र का मूल आधार बन्धुत्व है। बन्धुत्व के साथ संयुक्त होकर ही स्वतंत्रता अर्थवान होती है। बन्धुत्व के साथ ही समता का कोई अर्थ होता है। पारस्परिकता का विकास ही लोकतंत्र का अर्थ विस्तार है। कितना विस्मयजनक है लोकतंत्र के भीतर पारस्परिकता का क्षरण। क्षरण ही नहीं ध्वंस! हम अपने आदर्शों में लोकतंत्र का ढोल पीट रहे हैं और व्यवहार में पारस्परिकता का भयानक विध्वंस देख रहे हैं। परिवार से होकर राष्ट्र तक भयानक विघटन का विस्तार बराबर बढ़ता जा रहा है। बड़ा अद्भुत विपर्यय है कि जबसे हमने लोकतांत्रिक व्यवस्था लागू की है अपने देश में, परिवार में विघटन की बाढ़ आ गई है। अब तो संयुक्त परिवार नाम की चीज पुरातात्विक धरोहर जैसी रह गई है। यह क्या है? कुछ समझ में नहीं आता, ऐसा क्यों है? हमने बाग लगाये आम के पेड़ तैयार हुए बबूल के। पारिवारिकता, पारस्परिकता, बन्धुत्व का विकास तो दूर उल्टे इनका समूल नाश ही हो गया।
अब परिवार, परिवार नहीं है। पड़ोस, पड़ोस नहीं है। गाँव, गाँव नहीं है। देश, देश नहीं है। दुनियां, दुनियां नहीं है। अब बस केवल स्वार्थ है। अपने स्वार्थ के साथ आदमी अकेला खड़ा है। बिल्कुल अकेला। सबसे अलग। उद्भ्रान्त-सा। बन्धुत्व को तो गोली मारो, हम किसी भी तरह के सम्बन्ध से हीन होकर रह गये हैं। हमारी समूची शिक्षा सिर्फ स्वार्थ को उत्प्रेरित और पोषित करने वाली शिक्षा होकर रह गई है। स्वतंत्र भारत के विकास में शर्मिन्दगी के जितने भी नायक मंच पर अभिनय कर रहे हैं, सभी शिक्षित हैं। शिक्षित ही नहीं उच्च शिक्षित हैं। हमारी शिक्षा ने जिस नस्ल के आदमियों को निर्मित किया है, उनकी प्राथमिकता में समाज नहीं है, देश नहीं है, परिवार नहीं है। उनकी प्रतिबद्धता पारस्परिक उत्कर्ष के प्रति नहीं, आत्मिक उत्कर्ष के प्रति है।
हमारे मनीषियों ने कभी कहा था,- परिवार के हित के लिये एक व्यक्ति को, गाँव के लिये एक परिवार को, देश के लिये एक गांव को और विश्व समुदाय के कल्याण के लिये एक देश को त्याग देना धर्म है। आज हम अपने हित के लिए, व्यक्तिहित के लिये-गांव, समाज, देश और विश्व मानव के हित को नहीं देख पा रहे हैं। हम अपने सिवाय किसी को नहीं, कुछ को नहीं देख रहे हैं। हम अन्धे हैं। हम अन्धे हो गये हैं। हम पढ़े-लिखे हैं मगर अन्धे हैं। हम अन्धे हैं मगर हमें पता नहीं है कि हम अन्धे हैं। फिर क्या उपाय है? क्या उम्मीद है? हमारी शिक्षा हमें हमारे अन्धेपन की खबर नहीं दे रही है।
यह शिक्षा अनर्थकारी शिक्षा है। हमारे समय में गांव-गांव में, बाजार-बाजार में, शहर-शहर में अनर्थकरी विद्या का व्यवसाय पसरा हुआ है।
हमारी अर्थकारी विद्या की विरासत अनर्थकरी विद्या के व्यवसाय में डूब रही है। शायद हमें, पता नहीं है। शायद हमें, पता है।

Related Articles

Election - 2024

Latest Articles

You cannot copy content of this page

Verified by MonsterInsights