Young Writer, धानापुर। सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह डब्लू के माधोपुर स्थित आवास पर शुक्रवार को 11 बजे सपा संस्थापक, संरक्षक व पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया है। इस दौरान समाजवादी पार्टी के संस्थापक धरतीपुत्र दिवंगत मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी जाएगी। साथ ही उनकी आत्मा की शांति के लिए हवन-पूजन कार्यक्रम भी रखा है। इसके मद्देनजर गुरुवार को पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया और समय से सभी तैयारियों को पूर्ण करने की बात कही।
इस बाबत मनोज कुमार सिंह डब्लू ने बताया कि सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने डा. राममनोहर लोहिया के समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाया। समाज में व्याप्त असमानता के खिलाफ लड़ाई लड़ी। देश की तरक्की व विकास में बाधक बनी कुरीतियों को मिटाने के लिए कई अभूतपूर्व व ऐतिहासिक निर्णय लिए। उन्होंने गरीब, मजलूम और बेसहारों की लड़ाई लड़ी। वह प्रदेश और देश की राजनीति में एक अटूट रिश्ता बांध गए हैं। उनका चंदौली से विशेष रिश्ता रहा है। जब भी सरकार में रहे चंदौली के विकास योजनाओं को पंख देने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। उनके जाने से राजनीतिक को गहरा आघात लगा है। उनकी स्मृति में श्रद्धांजलि सभा के बाद वृद्धा, विधवा और विकलांगों में अंगवस्त्र का वितरण किया जाएगा। उन्होंने लोगों से आह्वान किया अधिक से अधिक संख्या में आकर नेताजी मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि समर्पित करें।
मुलायम की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आज
चंदौली। समाजवादी पार्टी के संस्थापक, धरतीपुत्र, समाजवादी आंदोलन के प्रेरणा स्रोत नेताजी मुलायम सिंह यादव के निधन से सपा के लोग मर्माहत हैं। इस कड़ी में उनकी स्मृति में शुक्रवार को बिछियां स्थित धरनास्थल पर समाजवादी पार्टी जिला इकाई की ओर से श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया है। यह जानकारी देते हुए जिलाध्यक्ष सत्यनरायन राजभर ने बताया कि श्रद्धांजलि सभा के जरिए सपा संस्थापक व पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि देने के साथ ही उनके जीवन संघर्षों पर प्रकाश डाला जाएगा।