धान की तौल व खरीद नहीं होने से खफा दिखे किसान
Young Writer, चकिया। नगर से सटे मोहम्मदाबाद गांव स्थित उपमंडी समिति केंद्र पर पिछले 15 दिनों से रखे धान तौल न होने पर दो दर्जन किसानों द्वारा शुक्रवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने खरीद प्रक्रिया में किसानों को परेशान करने का आरोप लगाते हुए विरोध में जमकर नारे लगाए। किसानों ने आरोप लगाया है कि किसानों का टोकन और रजिस्ट्रेशन होने के बाद भी उनका धान तौल नहीं किया जा रहा है, जबकि दलालों और बिचौलियों का सुविधा शुल्क के आधार पर चोरी छुप्पे धान तौल किया जा रहा है।
इस दौरान किसान शमशेर सिंह, संजय सिंह, राजवंत सिंह, रोशन सिंह, हृदय नारायण पाल, अश्वनी पांडेय, पप्पू पांडेय, श्याम नारायण दुबे, बनारसी सिंह, डब्लू मौर्य, किशोर सिंह ने बताया कि क्रय केंद्र पर बिचौलियों और दलालों की सक्रितया के कारण किसान के उपज की खरीद नहीं हो पा रही है। आए दिन मंडी समिति पर दरवाजा बंद कर मंडी प्रभारी रामनाथ यादव नदारद हो जा रहे हैं। अगर उन्हें धान नहीं खरीदना है तो उसकी सूचना पहले ही क्यों नहीं चस्पा करा दे रहे हैं हम किसान बड़ी मशक्कत से अपने धान को लेकर मंडी समिति तक आते हैं और खुले आसमान के नीचे धान रखते हैं। इधर कई बार हुई बारिश से धान भी भींग चुका है और कितना धान बंदर और जानवरों ने नुकसान कर दिया है कई धान के बोरे फाड़ दिए हैं। ऐसी स्थिति में हम जाए तो कहां जाए। इसी संबंध में धान क्रय केंद्र प्रभारी रामनाथ यादव से जानने का प्रयास किया गया तो उनके द्वारा फोन रिसीव नहीं किया गया। किसानों ने जिलाधिकारी का ध्यान इस समस्या की तरफ आकृष्ट कराते हुए आवश्यक कार्यवाही की मांग की है।