बंद क्रय केंद्रों को खोलने की मांग को लेकर आक्रोशित दिखे सपा नेता मनोज कुमार सिंह डब्लू
Young Writer, सैयदराजा। अबकी बार सैयदराजा विधानसभा के किसानों के लिए धान को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बेचना लोहे के चने चबाने जैसा होगा। जी हां! यह हवाहवाई बात नहीं, बल्कि वर्तमान में क्षेत्र में लगातार बंद हो रहे क्रय केंद्रों की स्थिति को देखकर किसानों द्वारा कही जा रही है। जिला प्रशासन ने खरीद के लिए खोले गए रनिया, ककरही, सुढ़ना में स्थापित क्रय केंद्रों का संचालन बुधवार से बंद कर दिया। वहीं जमुड़ा में स्थापित क्रय केंद्र को घोसवां में सिफ्ट करने की कार्यवाही प्रशासन की ओर से की गयी। ऐसे में इन क्रय केंद्रों पर टोकन लेकर नंबर लगाने वाले किसान अब अपनी उपज बेचने के लिए ना भटके इसके लिए सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज कुमार सिंह डब्लू (Manoj Kumar Singh W) धान की उपज को ट्रैक्टर-ट्राली पर लादकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी कार्यालय को घेरने का काम किया। अफसरों से बातचीत में बंद क्रय केंद्रों बहाल करने की मांग की। हालांकि जिला प्रशासन ने क्रय केंद्रों को पुनः खोलने में असमर्थता जाहिर की और बंद क्रय केंद्र पर नंबर लगाने वाले किसानों की समस्या के समाधान के लिए चौबीस घंटे का वक्त मांगा। उनके इस आंदोलन से जिला प्रशासन के हाफ-पांव फूल गए और जिलाधिकारी ने पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू व डिप्टी आरएमओ को बुलाकर बातचीत की।
इसी सिलसिले में सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज कुमार सिंह डब्लू ने कहा कि 19 दिनों से जिम्मेदार अफसर आखिर किस नशे में क्रय केंद्रों का संचालन कर रहे थे और किस बुनियाद पर इन क्रय केंद्रों पर बंद करने की कार्यवाही हुई। जिला प्रशासन के इस कृत्य से संबंधित इलाके के सैकड़ों किसानों की मुश्किलें बढ़ गयी है इसके लिए कौन जिम्मेदार है और उसके विरूद्ध कौन सी कार्यवाही की जा रही है। ऐसे में डिप्टी आरएमओ ने क्रय केंद्रों को बंद करने ऊपर से आदेश होने की दलील दी तो सपा नेता मनोज सिंह आक्रोशित उठे और उन्हें क्रय केंद्रों के बंद होने संबंधित लिखित आदेश तलब किया कि तो डिप्टी आरएमओ समेत जिलाधिकारी निरुत्तर हो गए और उन्होंने किसानों की समस्या के समाधान के लिए 24 घंटे का वक्त मांगा। कहा कि बंद किए गए क्रय केंद्रों पर जिन किसानों की खरीद होना शेष है उनके उपज की बिक्री सुनिश्चित हो इसका पूरा प्रबंध किया जाएगा। डीएम से वार्ता करे लौटे मनोज सिंह डब्लू ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि सैयदराजा के किसानों को राजनीतिक षड्यंत्र का शिकार बनाया जा रहा हैं। जिला प्रशासन ने एक ही दिन में तीन क्रय केंद्रों को बंद करके किसानों की मुश्किलें बढ़ाने का काम किया है। कहा कि इस वक्त गेहूं की बोआई की सीजन अपने पीक पर है। ऐसे में यदि किसान धान की फसल को बेचने में उलझ गए तो उनकी गेहूं की खेती पिछड़ जाएगी। कहा कि किसानों का नुकसान हुआ तो जिला प्रशासन बड़े नुकसान को तैयार रहे। किसानों के हक पर किसी भी प्रकार का कुठाराघा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।