Young Writer, चंदौली। अधिवक्ताओं के आंदोलन व आक्रोश को देखते हुए सदर कोतवाली पुलिस ने बुधवार को डिप्टी आरएमओ अनूप श्रीवास्तव के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम व लूट जैसी कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। अधिवक्ताओं द्वारा किए गए चक्काजाम के कारण जब वकील नहीं माने तो उनकी तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्यवाही में जुट गयी है। अब डिप्टी आरएमओ अनूप श्रीवास्तव व उनके साथियों पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के साथ ही लूट व संगठित होकर हमला करने जैसे संगीन धाराओं में मुकदमा चलेगा।
सदर कोतवाली पुलिस को पड़या निवासी अमित कुमार सिंह ने दी गयी तहरीर में आरोप लगाया है कि 29 दिसंबर 2021 को नवीन मंडी चंदौली में धान बेचने के सम्बन्ध में बात करने के लिए अपने साथी संजय कुमार सिंह के साथ गए थे। वहां जिला खाद्य विपणन अधिकारी अनूप श्रीवास्तव व उनके सहयोगी कर्मचारी मृदुल उपाध्याय, सौरभ श्रीवास्तव व दो अन्य लोग मौजूद थे। अमित सिंह ने अपने 228 कुंतल धान की बिक्री के बाद अंगूठा लगाने की कार्यवाही पूर्ण करने की बात कही। आरोप है कि अंगूठा लगाने की बात पर अनूप कुमार श्रीवास्तव द्वारा यह कहा गया कि अंगूठा ऐसे नहीं लगता है सभी लोगों को मैनेज करना पड़ता है। 20 हजार रुपये दे दीजिए। इस पर अमित कुमार सिंह ने इसका प्रतिकार किया और 20 हजार रुपये देने से इन्कार कर दिया। इसके बाद मौके पर उपस्थित उनके कर्मचारियों व उन्होंने एक राय होकर पीड़ित अमित कुमार सिंह व संजय सिंह को गाली-गुप्ता देते हुए धक्का देकर बाहर निकाल दिए। विरोध करने पर वहां मौजूद कर्मचारियों ने जबरदस्ती पकड़ लिया और मोबाइल व अमित सिंह के पास पड़े पांच हजार रुपये नकदी तथा संजय का आठ हजार रुपये नकदी छिन लिया तथा जान से मारने व फर्जी मुकदमें में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद अमित का मोबाइल उठाकर धान पर फेंक दिया। इस घटना के बाद किसान अमित सिंह व संजय सिंह एफआईआर दर्ज होने की सूचना से अधिवक्ताओं में आक्रोश पनपने लगा। बुधवार को हुए चक्काजाम व आंदोलन के बाद चंदौली पुलिस ने डिप्टी आरएमओ व उनके सहयोगियों के खिलाफ धारा-147, 323, 504, 506 व 392 तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत मुकदमा कायम किया। यदि अब डिप्टी आरएमओ पर संगठित होकर हमला करने, लूट करने तथा धान खरीद में भ्रष्टाचार करने में का मामला चलेगा।