पूर्व सांसद बोले‚ सपा में विघटन की अफवाहों का नहीं कोई आधार
Young Writer, चंदौली। मुगलसराय विधानसभा में सपा को लेकर मची कोलाहल के बीच मुगलसराय से सपा प्रत्याशी चंद्रशेखर यादव के नामांकन के दौरान पूर्व सांसद रामकिशुन यादव नामांकन के अंतिम दिन कलेक्ट्रेट पहुंचे। उनके पहुंचते ही नामांकन स्थल पर जमा सपाइयों ने उन्हें घेर लिया। उन्होंने अपने संक्षिप्त संबोधन में सपा का संगठित और सशक्त बनाता। सपा जिलाध्यक्ष सत्यनरायन राजभर ने कहा कि सपा को तोड़ने व कमजोर करने की साजिशें हो रही है। पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के निर्णय को मुगलसराय के एक-एक सपाई को सार्थक व सही साबित करना होगा। यह जिम्मेदारी अखिलेश यादव ने हम सभी के कंधों पर डाली है, जिसका हम सभी मिलकर निर्वहन करेंगे। उनका यह प्रयास सपा को हालिया एकाध-दो दिनों में हुए नुकसान के प्रति डैमेज कंट्रोल के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि मुगलसराय से सपा ऐतिहासिक मतों से जीत दर्ज करेगी।

सपा जिलाध्यक्ष सत्यनरायन राजभर ने स्पष्ट कहा कि मुगलसराय विधानसभा चुनाव में अबकी बार सभी सपाई एकजुट व एकमंच पर संगठित नजर आएंगे। यह पहला अवसर है कि जब चुनाव किसी प्रत्याशी के हार-जीत के इतर अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने और सत्ता परिवर्तन का है। ऐसे में पार्टी के फैसले के प्रति नाराजगी का कोई सवाल ही नहीं उठता। कहा कि मुगलसराय विधानसभा में मेरे साथ तमाम वरिष्ठ सपा नेता व पूरा का पूरा संगठन युवाओं को मागदर्शन देने का काम करेगी, ताकि सपा की जीत को लेकर किसी तरह का कोई संशय ना रहे। इसके अलावा सपा जिलाध्यक्ष सत्यनरायन राजभर व पूर्व प्रमुख बाबूलाल यादव के नामांकन स्थल पर मौजूदगी उन अफवाहों पर विराम लगाने का काम किया है, जो बुधवार की रात एकाएक मुगलसराय के राजनीतिक पटल पर उठायी गयी। स्थिति यह रही कि पूरी रात और अलसुबह सपा के दो फाट होने की चर्चाएं इस कदर रही कि उसकी ताप व रौशनी से लोगों की आंखें चौंधिया गयी थी, लेकिन सपा नेताओं ने एकजुटता का संदेश देकर पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं में उपजे संशय व विघटन के भाव को लगभग पूरी तरह समाप्त करते हुए विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया है।

पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने कहा कि अबकी बार चारों विधानसभा में समाजवादी के जयकारे के साथ पूरे जनपद को समाजवाद के रंग से रंगने का प्रयास हो रहा है। पार्टी संगठित है और सभी प्रत्याशियों के साथ संगठन के लोग पूरी शिद्दत के साथ लगे हैं। सपा के विघटन की बातें पूरी तरह से अफवाह है जिसका कोई आधार नहीं है। लिहाजा जनपद के एक-एक सपाई चुनावी रण को जीतने में पूरी शिद्दत से लगा रहे।

