Young Writer, चंदौली। सामाजिक भाईचारा से समाजवाद के संकल्प के सपनों को साकार किया जा सकता है। इसी उद्देश्य की पूर्ति और प्रदेश में समाजवादी की स्थापना के साथ ही सपा की सरकार को सत्ता में स्थापित करने के लिए सूबे के पूर्व मंत्री व कद्दावर नेता रामअचल राजभर रविवार को जनपद दौरे पर होंगे। इस दौरान वह सैयदराजा की धरा से चंदौली के कोने-कोने से जमा समाजवादी साथियों को सामाजिक भाईचारा का संदेश देंगे। यह पहली बार होगा जब वह समाजवादी परचम के साथ चंदौली आ रहे हैं। इसे लेकर रविवार को सैयदराजा में तैयारियां जोरों पर रहीं। अतिपिछड़ों को रिझाने में लगी समाजवादी पार्टी की ओर से विधानसभा चुनाव के मद्देनजर रामअचल राजभर के चंदौली दौरे को काफी अहम माना जा रहा है।
सैयदराजा में सामाजिक भाईचारा सम्मेलन आयोजित कर रहे सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज कुमार सिंह डब्लू ने कहा कि सपा सर्वसमाज की पार्टी है। यहां किसी भी जाति, संप्रदाय व धर्म के लोगों से किसी तरह का कोई भेद नहीं है। जो लोग सपा पर परिवारवाद का आरोप लगाते थे आज सत्ता में उनकी के घर-परिवार के लोग सत्ता की मलाई काट रहे हैं। उन्हें सिर्फ और सिर्फ परिवारवाद का लाभ मिल रहा है। वहीं सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सर्वसमाज को संगठन व जनप्रतिनिधित्व में उचित भागीदारी व जिम्मेदारी से नवाजने का काम किया है। जिन्हें संदेह है वह सपा के राष्ट्रीय, प्रादेशिक व जिला स्तरीय कमेटियों को देखें। पदाधिकारियों के नाम से ही उनके संदेह का निदान हो जाएगा। सपा ने कभी अपने राजनीतिक मंच से धर्म को मुद्दा बनाने का प्रयास नहीं किया। क्योंकि समाजवादी पार्टी धर्म-निरपेक्ष राष्ट्र की मर्यादा और संविधान को मानने वाली है। जो राजनीतिक दल व उसके नेता ऐसा करते हैं वह कभी भी राष्ट्र या राष्ट्र के लोगों के हितैषी नहीं हो सकते। कहा कि 12 दिसंबर को सर्वसमाज के लोग सामाजिक भाईचारा सम्मेलन में आमंत्रित हैं। वह आएं और रामअचल राजभर के विचारों को सुने और सामाजिक भाईचारे के संदेश को जनपद के कोन-कोने तक पहुंचाने में सहभागी बने। क्योंकि सामाजिक समरसता से ही सशक्त समाज व राष्ट्र का निर्माण संभव है। जनता का आह्वान किया कि समाज को जोड़ने वाले व्यक्तित्व को सत्ता सौंपकर मजबूत लोकतंत्र की स्थापना की पहल करें।