कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम को सौंपा ज्ञापन, प्रशासन को किया आगाह
चंदौली। किसानों के मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी मंगलवार को सड़क पर दिखी। इस दौरान सपाइयों ने कलेक्ट्रेट कूच किया और जिलाधिकारी ईशा दुहन से मिले। सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव व जिलाध्यक्ष सत्यनरायन राजभर की अगुवाई में सपाइयों ने किसानों हितों व समस्याओं की बात कही। सकलडीहा विधायक ने जिला प्रशासन को आगाह किया कि किसानों का अधिकार छिनने का प्रयास किया गया तो सपा बड़ा आंदोलन करेगी।
इस दौरान सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने कहा कि सकलडीहा तहसील अंतर्गत दिघवट, जमुनीपुर, फेसुड़ा, बरंगा, पंचदेउरा आदि मौजे में कई पीढ़ियों से 1818 एकड़ जमीन पर खेती-किसानी करते हुए काबिज चले आ रहे किसानों जिला प्रशासन प्रताड़ित कर रहा है। कहा कि किसानों पर मुकदमे चलाए जा रहे हैं और उनके भूमि से संबंधित कागजात नहीं दिए जा रहे हैं। यह सबकुछ सरकार के इशारे पर किया जा रहा है। कहा कि इस मुद्दे कई बार शासन-प्रशासन के समक्ष उठाया जा चुका है। बावजूद इसके किसानों का उत्पीड़न बंद नहीं किया गया। साथ ही नहरों की मरम्मत व सफाई का कार्य पूर्ण किया जाएगा। किसानों को आवारा पशुओं से भारी नुकसान हो रहा है। जिलाध्यक्ष सत्यनरायन राजभर ने कहा कि जनपद में यूरिया की जबरदस्त किल्लत है। धान क्रय केंद्रों पर अफरातफरी व्याप्त है। अनिश्चितता, बोरों की कमी को दूर करने की बजाय बिचौलियों के माध्यम से खरीद की जा रही है, जिसे तत्काल रोका जाए और सीधे किसानों की उपज की खरीद हो। इस वक्त जिले में उर्वरक की भारी किल्लत है, जिससे किसानों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इस अवसर पर पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार, चंद्रशेखर यादव, दिलीप पासवान, संतोष यादव, नफीस अहमद, सुनील सिंह मुखिया, राजा खान आदि उपस्थित रहे।