सपा नेता अंकित यादव बोले, विपक्ष के नेताओं की गरिमा व अधिकारों का ध्यान रखे सरकार
Young Writer, चंदौली। समाजवादी पार्टी के युवा फायरब्रांड नेता अंकित यादव के घर रविवार को एक बार फिर पुलिस का पहरा देखने को मिला। अवसर था मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का चंदौली जनपद दौरा। विपक्ष के प्रतिकार के स्वर ना उठे इसके लिए पुलिस-प्रशासन की ओर से कड़े बंदोबस्त किए गए थे। इसी कड़ी में सपा नेता अंकित यादव को एक बार फिर पुलिस महकमे ने अपनी निगरानी में रखा और उन्हें उनके अलीनगर स्थित आवास से अपनी निगरानी में थाने ले आयी। इस दौरान सहज व शांत दिख रहे अंकित यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनपद आगमन पर स्वागत एवं अभिनंदन किया। साथ ही यह उम्मीद जताई कि उनका यह दौरान चंदौली के विकास के लिए सर्वांगीण व मील का पत्थर साबित होगा। उनके सरकार योजनाओं के पैकेज से आमजन को सुविधा व बड़ी राहत मिलेगी।

इसके साथ ही उन्होंने सत्ता पक्ष, पुलिस-प्रशासन की कार्य प्रणाली पर सवाल भी उठाए। कहा कि लोकतंत्र कायम रहेगा, तभी देश व प्रदेश का कानून व प्रशासनिक व्यवस्था दुरूस्त रहेगी। लेकिन पुलिस-प्रशासन लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका व उसके अस्तित्व को समाप्त करने पर तुली है। ऐसे में सरकार को चाहिए कि वह विपक्ष के नेताओं की गरिमा व उनके अधिकारों का ध्यान रखे। क्योंकि देश व प्रदेश में मजबूत लोकतंत्र कायम के लिए विपक्ष का मजबूत रहना बहुत आवश्यक है। लेकिन दुखद व दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि आज सत्ता में मौजूद भाजपा सरकार विपक्ष को डराने, धमकाने व उसकी आवाज को दबाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रही है। सरकार व प्रशासन का यह कृत्य सीधे तौर पर लोकतंत्र के दमन की ओर ले जा रहा है। सरकार को विपक्ष की आवाज दबाने से ज्यादा उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों व समस्याओं के निस्तारण पर ध्यान देना चाहिए। आरोप लगाया कि भाजपा बिना विरोध व विपक्ष के तानाशाही तरीके से सत्ता-शासन चलाना चाहती है और मौजूद सरकार की कार्य प्रणाली इसी ओर इशारा कर रही है।
