963 करोड़ की योजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास अवसर पर सरकार का किया बखान
Young Writer, चंदौली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज के मैदान पर सभा में माइक संभालने ही जनपद चंदौली को एक के बाद एक 963 करोड़ की योजनाओं का सौगात दी। उन्होंने जनपद के विकसित हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर का जिक्र किया। साथ ही किसानों की उन्नति के साथ ही उनके प्रति सरकार के फिक्र को भी मंच के माध्यम से व्यक्त किया। चंदौली को मार्च-2023 तक बाबा कीनाराम मेडिकल कालेज को समर्पित करने का भरोसा दिया। साथ ही इन्डो-इजराइज सब्जी अनुसंधान केंद्र के साथ मत्स्य पालकों के लिए 62 करोड़ की लागत से स्थापित हो रही नयी मंडी का उल्लेख किया। सीएम ने अपने अभिभाषण में जनपद के ढांचागत विकास के साथ ही किसानों के विकास पर जोर दिया। कहा कि चंदौली जनपद ने आकांक्षात्मक जिला रहते हुए नीति आयोग की मानकों को पूरा करते हुए कई अवार्ड भी हासिल किए हैं। मुख्यमंत्री महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज के मैदान पर आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि चंदौली में मॉडल आईटीआई कालेज को विकसित किया जा रहा है। इस तरह के कालेज सूबे में पांच जिलों में बनाए जाने हैं, जिसमें चंदौली भी शामिल है। इसका सीधा लाभ चंदौली के छात्रों व नौजवानों को मिलेगा। चंदौली को इजराइल की मदद से सब्जी उत्पादन का उम्दा केंद्र बनाने पर जोर दिया जा रहा है। ताकि बलिया की तरह चंदौली के किसानों द्वारा उत्पादित सब्जियों को विदेशी मार्केट तक पहुंचाया जाए। सरकार के इन प्रयासों से चंदौली के किसानों की आय बढ़ेगी। उन्होंने इस काम में सीएम ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ ही प्रशासनिक अमले का सहयोग मांगा। कहा कि किसानों की सिंचाई की सुविधा के लिए सरकार संसाधनों को सुदृढ़ कर रही है। सीएम ने काला धान का जिक्र किया। कहा कि 2400 किसान 2100 हेक्टेयर में काला धान की खेती कर रहे हैं।

कहा कि प्रदेश सरकार राजदरी व देवदरी में पर्यटन को विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। इसके अतिरिक्त उन्होंने सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र किया। कहा कि जनपद में 23990 प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत गरीब लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया है। इसके अतिरिक्त 4662 लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) का लाभ दिया जा रहा है। वहीं मुसहर वनवासी जाति के लोगों को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 2851 आवास स्वीकृत किए गए हैं। सीएम ने विभिन्न योजना के तहत लाभार्थियों को लैपटॉप प्रदान किया। कहा कि पिछले छह माह में तीन बार बाबा कीनाराम की धरती चंदौली आने का प्रयास किया। बाबा कीनाराम मेडिकल कालेज अगले वर्ष मार्च-2023 को आमजन को समर्पित कर दिया जाएगा। इसके बाद चंदौली व बिहार के लोगों को चिकित्सा सेवाओं के लिए बीएचयू व अन्य संस्थानों के ऊपर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। दावा किया कि चंदौली जनपद विकास के नित नए आयाम स्थापित कर रहा है। इसके बाद केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री व सांसद डा. महेंद्रनाथ पांडेय ने भाजपा सरकार की उपलब्धियों को गिनाया और कहा कि भाजपा सरकार चंदौली की जनता के साथ किए हुए वादों का पूरा किया है।