सकलडीहा, चहनियां व लच्छूब्रह्म पहुंचा सपा का डेलीगेट
Young Writer, चंदौली। समाजवादी पार्टी का डेलीगेट रविवार को नेता प्रतिपक्ष विधानसभा रामगोविंद चौधरी की अगुवाई में जनपद दौरे पर रहा। इस दौरान डेलीगेट्स के सदस्यों ने बीते पांच दिसंबर को रामगढ़ में सीएम योगी आदित्यनाथ को पत्रक सौंपने जा रहे सपाइयों के जत्थे पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज की घटना में पीड़ित व प्रताड़ित किए गए सपा कार्यकर्ताओं व नेताओं से मुलाकात की। उनका दर्द बांटा और घटना से जुड़ी जानकारी व तथ्य इकट्ठा किए। इसके बाद चहनियां क्षेत्र के लच्छुब्रह्म मंदिर प्रांगण प्रेसवार्ता आयोजित कर अपनी जांच रिपोर्ट के कुछ अंश को मीडिया के समक्ष रखा और पुलिसिया कार्य प्रणाली पर कई गंभीर सवाल भी उठाए। कहा कि लाठी के बल पर लोकतंत्र का दमन नहीं किया जा सकता।
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी ने कहा कि सपाइयों पर लाठीचार्ज की घटना में पुलिस-प्रशासन की लापरवाही व चूक उजागर हुई है। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बिना किसी मजिस्ट्रेट के अनुमति के सपाइयों पर लाठीचार्ज किया। महिला सपाइयों को पुलिस ने पीटा, जो पूरी तरह से अनुचित है। संघर्ष की घटना से जुड़े वीडियो के अवलोकन से स्पष्ट है कि मौके पर कोई पुलिस कर्मी नहीं थी। बावजूद इसके पुलिस कांस्टेबल व अफसरों ने महिलाओं संग अभद्रता व लाठीचार्ज जैसी घटना को अंजाम दिया। कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव के निर्देश पर हम सभी पुलिस प्रताड़ना झेल रहे सपाइयों का दुख-दर्द बांटने आए हैं। पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि भाजपा व नरेंद्र मोदी केवल धर्म पर राजनीति करना जानते हैं। आरोप मढ़ा कि विश्वनाथ मंदिर प्रांगण में पीएम और 18 मुख्यमंत्री व राज्यपाल आस्था के लिए नहीं बल्कि वोट के लिए जमा हो रहे हैं। कहा कि पीएम मोदी सरकारी पैसे का दोहन व दुरूपयोग कर रहे हैं, जो पूरी तरह अनुचित है। पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने कहा कि रामगढ़ की घटना एलआईयू व जिला प्रशासन के गोपनीय विभाग की नाकामी की नतीजा है, क्योंकि सपाइयों का कार्यक्रम पूर्व निर्धारित व सुनिश्चित था, जो जिला प्रशासन के संज्ञान में था। बावजूद इसके चहनियां में कोई एसडीएम या सक्षम अधिकारी मौजूद नहीं था, जिस कारण सपा कार्यकर्ता आगे बढ़े। ऐसे में सीओ सकलडीहा अनिरूद्ध सिंह ने बिना किसी मजिस्ट्रेट के आदेश के अलौकतांत्रिक व गैरकानूनी तरीके से सपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया। इसकी जांच कराकर दोषियों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जानी चाहिए। इस अवसर पर एमएलसी आशुतोष सिन्हा, जिलाध्यक्ष सत्यनरायन राजभर, पूर्व विधायक पूनम सोनकर, परवेज अहमद जोखू, चंद्रशेखर यादव, जमील खान, सुनील यादव गुड्डू, बाबूलाल यादव, अनिल यादव आदि उपस्थित रहे।
कार्यवाही नहीं हुई तो सदन में उठेगी आवाज
चंदौली। रामगढ़ जाते समय हुए संघर्ष की जांच के लिए सपाइयों का दल सकलडीहा में बाबा भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के साथ ही स्थानीय कार्यकर्ताओं से मिला। इसके बाद जत्था चहनियां व लच्छूब्रह्म धाम के लिए रवाना हुआ। इस दौरान दल ने मौका मुआयना कर प्रत्यक्षदर्शियों से घटना से जुटे तथ्यों की जानकारी ली। इस बाबत रामगोविंद चौधरी ने कहा कि पुलिस प्रशासन ने मामले में दोषी पुलिस अफसरों के विरूद्ध समुचित कार्यवाही नहीं की तो सपा के विधायक 15 दिसंबर के विधानसभा में इस मुद्दे को पुरजोर ढंग से उठाएंगे। क्योंकि किसानों की मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को मांग-पत्र सौंपना कोई अपराध नहीं है। कहा कि आज किसानों को खाद, बीज, पानी व बिजली की जरूरत है। किसानों को धान की उपज के बदले उचित मूल्य चाहिए। इस मुद्दे को उठाने वाले सभी सपा नेता शाबाशी के हकदार हैं।.