Young Writer, चंदौली। समाजवादी पार्टी से सकलडीहा विधानसभा से टिकट पाने के बाद सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव शुक्रवार को रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम दरबार पहुंचे। इस दौरान सर्वप्रथम उन्होंने बाबा कीनाराम मठ में मत्था टेका और पूरे विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर जनकल्याण की कामना की। साथ ही जीत के साथ ही अधूरे रह गए जनकल्याण के कामकाज को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कीनाराम मठ में दर्शन-पूजन के साथ ही सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने अपने चुनावी प्रचार-प्रसार का औपचारिक आगाज भी किया। कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि जनसम्पर्क के जरिए जन-जन तक सपा की पहुंच बनाएं।
समाजवादी पार्टी ने सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव एक बार फिर भरोसा जताया है। बीते गुरुवार को जारी सपा प्रत्याशियों की तीसरी सूची में सकलडीहा से प्रभुनारायण सिंह यादव को सकलडीहा विधानसभा-381 से उम्मीदवार बनाया है। इसकी जानकारी सकलडीहा प्रभुनारायण सिंह यादव ने अपने फेसबुक वाल पर सपा के प्रत्याशियों की सूची को पोस्ट करके दिया। इसके बाद सकलडीहा क्षेत्र के सपाइयों व विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव के समर्थकों में खुशी की लहर देखने को मिली। प्रभुनारायण सिंह यादव वह शख्सियत हैं जिन्होंने ग्राम प्रधान से विधायक तक का सफर तय किया है। यानी वह सपा के एक ऐसे नेता हैं जो आज भी जमीन से जुड़े हुए हैं। अपने विधानसभा क्षेत्र और उसके बाहर सभी वर्ग व संप्रदाय में उनकी अच्छी पकड़ है। शायद यही वजह है कि उनकी लोकप्रियता को संज्ञान में लेते हुए पार्टी ने उन्हें टिकट देकर जीत को दोहराने का सुनहरा अवसर प्रदान किया है। टिकट मिलने के बाद सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव शुक्रवार को सीधे रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम मठ पहुंचे और वहां मत्था टेका। इसके साथ ही अपनी जीत व जनकल्याण की मंगल कामना भी की। इस अवसर पर अनिल यादव, इंद्रजीत यादव अजीत, सुभाष यादव आदि उपस्थित रहे।