तिरंगा व भारी हुजूम के साथ मुगलसराय प्रत्याशी आबिद अली ने किया नामांकन
Young Writer, चंदौली। बैरिस्टर असदुद्दीन ओवैसी के एआईएमआईएम के अस्तित्व को चंदौली में स्थापित करने का सपना गुरुवार को नामांकन तिथि के अंतिम दिन चंदौली कलेक्ट्रेट पर देखने को मिला। अवसर था मुगलसराय से पार्टी उम्मीदवार आबिद अली के नामांकन का। पहली बार चंदौली जिले में विधानसभा चुनाव लड़ रही एआईएमआईएम के कार्यकर्ता उत्साह व ऊर्जा से लबालब नजर आए। उन्होंने तिरंगे के साथ नामांकन की प्रक्रिया पूरी की। साथ ही प्रदेश की तरक्की व खुशहाली के लिए चुनाव लड़ने और सत्ता में अहम दखल रखने के अपने दृढ़ संकल्प को दोहराया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष हाजी इलियास ने यह दावा किया कि यह चुनाव पार्टी के लिए निर्णायक है और इसे करो या मरो की स्थिति मानकर चुनाव को पूरी ताकत के साथ लड़ा जा रहा है। यहां लोगों के अंदर फैलाए गए भ्रम को दूर करने पर काफी काम हुआ है और इस दिशा में अभी काफी हद तक काम किया जाना है, लेकिन जो लोग जनता को गुमराह करने का काम कर रहे है जनता अब उनसे गुमराह नहीं होगी।
महासचिव शमशुद्दीन एडवोकेट ने बताया कि एआईएमआईएम हैदराबाद में स्थापित औवेसी स्कूल, हास्पीटल जैसी सुविधाएं यूपी में लाना चाहते हैं ताकि गरीब आवाम के दर्द पर मरहम लग सके। गरीबों के झोपड़ी में शिक्षा से उजियारा लाया जा सके। यह सब कुछ धर्म व भेद रहित होगा। क्योंकि जनता को यह कहकर गुमराह किया जा रहा है कि यह एक धर्म विशेष की पार्टी है, जो पूरी तरह से गलत व बेबुनियाद है। यहां मुसलमानों के राजनीतिक संरक्षण केे साथ-साथ आवाम जिसमें सभी वर्ग व संप्रदाय शामिल है उनके कल्याण की बात है। विकास की सोच के साथ एआईएमआईएम ने पूरे देश में परचम लहराने का काम किया है और आगे भी इसे विस्तार देने का सिलसिला पूरी गति से हो रहा है।
विधि-प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सुल्तान अहमद एडवोकेट ने कहा कि एमआईएमआईएम के बढ़ने प्रभाव व राजनीतिक दायरे से भाजपा, सपा व बसपा समेत अन्य राजनीतिक दल घबराए हुए हैं यही वजह है कि एआईएमएआई को सभी राजनीतिक दलों ने दूसरे दल का बी-टीम करार देने की भरपूर कोशिशें की, लेकिन जिन्हें बैरिस्टर असदुद्दीन ओवैसी को संसद में आमजन की आवाज उठाते हुए देखा व सुना और जो पार्टी के सोशल वर्क व समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की विचाराधारा को जानता है उसे कोई भी ताकत गुमराह नहीं कर सकती है। पार्टी के नीति-निर्देश व सिद्धांतों के बल पर विधानसभा चुनाव में एआईएमआईएम अपना परचम लहराएगी और नई सत्ता के गठन के बाद यूपी में पार्टी का प्रभावी हस्तक्षेप रहेगा, ताकि सत्तासीन पार्टी के जनविरोधी कृत्यों की पुरजोर खिलाफत की जाएगी। इस दौरान अबू सहमा, गुड्डू, नाजिम, जावेद, मेराज खां ‘लकी’, असीम, सद्दाम, अफजल, अम्मान सिद्दीकी, जुनेद, सत्तार आदि उपस्थित रहे।

