अहिकौरा में आयोजित बसपा के जनसभा में सीमा समृद्धि कुशवाहा को आवाम ने सुना
Young Writer, कमालपुर। निर्भया कांड व हाथरस कांड में पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए दृढ़ता के साथ संघर्षरत बसपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता सीमा समृद्धि कुशवाहा शुक्रवार को जनपद दौरे पर थी। इस दौरान उन्होंने सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के अहिकौरा में बसपा की ओर से आयोजित जनसभा को संबोधित किया। साथ ही बसपा उम्मीदवार अमित यादव लाला को अपना मत देकर उनके वादों व इरादों को सशक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने भाजपा को झूठ बोलने वाली पार्टी करार दिया। वहीं सपा पर परिवारवादी व जातिवादी बताया।

उन्होंने कहा कि बसपा की पांच वर्ष की सरकार में हर वर्ग के गरीबों का जीवन स्तर ऊपर उठा तथा प्रदेश में कानून व्यवस्था का राज कायम किया गया। उन्होंने कहा कि बसपा अपने महापुरुषों के आदर्श पर समाज के हर वर्ग के लोगों का कल्याण करने का काम करती है। बहन मायावती के 5 वर्षों के शासनकाल में जितना विकास हुआ उतना किसी भी सरकार में नहीं हुआ। कहा कि भाजपा समाज को बांट कर हिंदू-मुस्लिम का नारा देकर राजनीति करती है। जबकि समाजवादी पार्टी सरकार बनने पर अपने परिवार तथा अपनी जाति का विकास करती है। जबकि बहुजन समाज पार्टी हर वर्ग के गरीबों का जीवन स्तर ऊंचा उठाने तथा प्रदेश में कानून व्यवस्था का राज कायम हुआ था। उन्होंने कहा कि बसपा सरकार बनने पर हर गांव का विकास होगा। चिलचिलाती धूप में भी लोगों के समर्थन ने हौसला बढ़ा दिया। उन्होंने जनसभा में उपस्थित भीड़ खासकर महिलाओं व युवतियों को राजनीति में बढ़कर भागीदारी करने का संकल्प दिलाते हुए उनका आभार जताया। इस दौरान अमित यादव लाला ने भी महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण को लेकर अपने विचारों के साथ ही बातों को मजबूत से रखा। कहा कि बसपा सत्ता में लौटी तो महिला सुरक्षा का पुख्ता प्रबंध होगा। साथ ही महिला सशक्तिकरण की योजनाओं को आगे बढ़ाकर महिलाओं को स्वावलंबी, आत्मनिर्भर बनाकर उनका खोया हुआ सम्मान लौटाने का काम होगा।
