चंदौली। गणतंत्र दिवस पर बुधवार को जिला पंचायत कार्यालय पर अध्यक्ष दीनानाथ शर्मा ने तिरंगा फहराया। इसके बाद उन्होंने वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ आम नागरिकों को देश की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष छात्रबली सिंह ने कहा कि देश की आजादी के संविधान को 26 जनवरी के दिन लागू और प्रभावी किया गया था, जिसमें समाज मे एकता, समानता और सभी धर्म को समान सम्मान देने का प्रावधान है हमें संविधान की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए।
पूर्व अध्यक्ष सरिता सिंह ने कहा कि हमें अपने अधिकारों के संरक्षण के साथ ही इस बात का ध्यान रखना होगा कि हमारे कृत्यों और कार्य व्यवहार से किसी और के अधिकारों का हनन ना हो। समाज को एकता और अखंडता को कायम रखने के लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। आम आदमी को सम्मान जनक जीने जीने के लिए उनके कल्याण के लिए सरकार की ओर से बहुत सी योजनाएं संचालित है, जिन्हें समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास चन्दौली जिला पंचायत कर रहा है। इस कार्य में विभागीय अधिकारी और कर्मचारियों के साथ ही सभी जिला पंचायत सदस्यों का सम्यक साथ और सहयोग प्राप्त हो रहा है। साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष दीनानाथ शर्मा सभी की कुशल अगुवाई कर रहे हैं। इस अवसर पर अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत कमलेश सिंह, प्रशासनिक अधिकारी आनंद सिंह आदि उपस्थित रहे।

