नौगढ़। मधुपुर–नौगढ़ मुख्य मार्ग पर डुमरिया गांव के समीप रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अज्ञात कार की टक्कर से बाइक सवार 40 वर्षीय धोनी पुत्र बुल्लू, निवासी फरसा गांव, गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब धोनी नौगढ़ बाजार घरेलू सामान की खरीदारी के लिए जा रहे था। तभी विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर जुटे राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस को सूचना दी और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ भिजवाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सक डॉ. सुनील सिंह ने उन्हें जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया के लिए रेफर कर दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।

