चंदौली। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार को जनपद सहित क्षेत्र के विभिन्न शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। तड़के भोर से ही मंदिर परिसरों में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। दूर-दराज के गांवों तथा पड़ोसी जिलों से आए श्रद्धालु लंबी कतारों में खड़े होकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते नजर आए।
श्रद्धालुओं ने मंदिरों में गंगा जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और फल-फूल अर्पित कर भगवान शिव से सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और परिवार की खुशहाली की कामना की मंदिर परिसरों को आकर्षक फूल-मालाओं और रोशनी से सजाया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए स्थानीय प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल की तैनाती के साथ ही भीड़ प्रबंधन के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। महाशिवरात्रि के अवसर पर कई स्थानों पर भजन-कीर्तन, रुद्राभिषेक और रात्रि जागरण का आयोजन भी किया गया है। मंदिर समितियां लगातार व्यवस्था संभालने में जुटी हुई हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पूरे जनपद में आस्था, उल्लास और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

