चंदौली। जनपद ने साइबर अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में सफलता प्राप्त करते हुए प्रदेश स्तर पर 86.71 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम स्थान हासिल किया है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में साइबर सेल द्वारा नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज मामलों के निस्तारण में उत्कृष्ट कार्य किया गया।
जनवरी 2026 में जनपद में साइबर अपराध से जुड़ी कुल 333 शिकायतें प्राप्त हुईं। इन मामलों में कुल 60,11,000 रुपये की धोखाधड़ी की गई थी। साइबर सेल की त्वरित एवं तकनीकी कार्रवाई के चलते 52,12,000 रुपये की धनराशि संबंधित बैंकों में होल्ड/लीन कराकर सुरक्षित करा ली गई, जिससे पीड़ितों को बड़ी राहत मिली। यह उपलब्धि पुलिस की सतर्कता, तकनीकी दक्षता और आमजन के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाती है। जनपद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या आधिकारिक पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर धनराशि सुरक्षित कराई जा सके।

