चंदौली। जनपद में होली पर्व पर कुल 1696 स्थानों पर होलिका दहन आयोजित किया जाएगा। पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सुरक्षा के दृष्टिगत जनपद के 103 से अधिक स्थानों को संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील के रूप में चिन्हित किया गया है, जहां विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
प्रमुख स्थानों में मलोखर, दुलहीपुर, मुगलसराय, सैयदराजा, कमालपुर और चकिया शामिल हैं। इन इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा लगातार गश्त की व्यवस्था रहेगी। प्रशासन द्वारा ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से भी निगरानी की तैयारी की गई है। ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है। कि त्योहार के दौरान अराजकतत्वों और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। ताकि अफवाह फैलाने वालों पर समय रहते नियंत्रण किया जा सके। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाएं तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या कंट्रोल रूम को सूचित करने की सलाह दी गई है। प्रशासन का उद्देश्य है कि होलिका दहन का पर्व शांति, सुरक्षा और उत्साह के साथ संपन्न हो।
इनसेट–
होलिका दहन की थानावार संख्या
चन्दौली। जनपद में होलिका दहन को लेकर प्रशासन ने कुल स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। चन्दौली थाना क्षेत्र में 81 स्थानों पर होलिका दहन होगा, जब कि सैयदराजा में 71 और कंदवा में 75 स्थान चिन्हित किए गए हैं। मुगलसराय में 171 तथा अलीनगर में सर्वाधिक 189 स्थान तय किए गए हैं। बबुरी में 180, सकलडीहा में 124 और बलुआ में 133 स्थानों पर होलिका जलेगी। धानापुर में 113, धीना में 68, चकिया में 150, शहाबगंज में 69, इलिया में 91, नौगढ़ में 48 तथा चकरघट्टा में 107 स्थान निर्धारित किए गए हैं। होलिका दहन को लेकर प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है।

