नौगढ़। नौगढ़-मधुपुर मार्ग पर सोमवार देर शाम एक बाइक सवार युवक सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर से टकरा गया। घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर जुटे आस पास के ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। घटनास्थल पर पहुची पुलिस ने तत्काल युवक के शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
बताया जा रहा है कि बसौली गांव निवासी गणेश 24 वर्ष अपने किसी रिश्तेदारी में मधुपुर, सोनभद्र जा रहा था। जैसे ही वह जयमोहनी पोस्ता गांव के पास मोड़ पर पहुंचा उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक गणेश अविवाहित था। जिससे उसके परिजनों में कोहराम मच गया।

