चंदौली। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, जनपद इकाई द्वारा नगर स्थित एक लॉन में भव्य व्यापारी सम्मेलन एवं होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने की। सम्मेलन में जिले भर के व्यापारियों का बड़ा महासंगम देखने को मिला जहा भारी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
वही प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद बनवारीलाल कंचल’ के चंदौली पहुंचने पर चार पहिया वाहनों और मोटरसाइकिलों के काफिले के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया। खुली जीप में नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह व्यापारियों ने पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने मुख्य अतिथि बनवारीलाल कंचल तथा विशिष्ट अतिथि प्रदेश महामंत्री रमेश अग्रहरि का माल्यार्पण व स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया।

सम्मेलन में जनपद के 22 प्रमुख बाजारों के 151 प्रतिष्ठित व्यापारियों को ‘व्यापार गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि बनवारीलाल कंचल ने कहा कि व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत रीढ़ हैं और करोड़ों लोगों को रोजगार प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के किसी भी प्रकार के उत्पीड़न को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने कहा कि संगठन व्यापारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव संघर्ष करता रहेगा। उन्होंने बताया कि संगठन की सक्रियता के कारण कई मामलों में प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी है। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री चंद्रेश्वर जायसवाल ने किया। इस दौरान विभिन्न जनपदों के पदाधिकारी, कई बाजारों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

