चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को जनपद के तेल कंपनियों के प्रबंधकों और एलपीजी गैस वितरकों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान भारत पेट्रोलियम, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और इंडियन ऑयल के क्षेत्रीय प्रबंधकों ने बताया कि जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और कहीं भी किसी प्रकार की कमी नहीं है।
सभी गैस वितरकों को उनकी मांग के अनुसार समय-समय पर गैस की आपूर्ति की जा रही है। उपस्थित वितरकों ने भी इसकी पुष्टि की। डीएम ने कहा कि हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को लेकर सोशल मीडिया पर गैस की संभावित कमी की भ्रामक सूचनाएँ प्रसारित की जा रही हैं। जिससे आम लोगों में अनावश्यक भ्रम फैल रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी अफवाहों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है और जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अफवाह फैलाने जमाखोरी करने या गैस की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि अनावश्यक रूप से अतिरिक्त गैस सिलेंडर की बुकिंग या घरों में भंडारण न करें। ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग, अनधिकृत भंडारण या अवैध वितरण नियमों का उल्लंघन है और ऐसे मामलों में कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक आदित्य लाँघे,अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर, जिला पूर्ति मनीष विक्रम आदि मौजूद रहे।

