चंदौली। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कार्यभार संभालते ही पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर कड़ा रुख अख़्यार किया है। समीक्षा के दौरान पुलिसकर्मियों के खिलाफ कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर उन्होंने दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया साथ ही 6 पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच का आदेश दिया है। पुलिस अधीक्षक के इस कार्यवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है।
उन्होंने थाना मुगलसराय क्षेत्र के दुल्हीपुर चौकी पर तैनात मुख्य आरक्षी संतोष यादव के खिलाफ क्षेत्र में अवैध जुआ संचालन और तस्करी पर प्रभावी रोकथाम न करने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। पूर्व में चेतावनी दिए जाने के बावजूद सुधार न होने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वही थाना सैयदराजा में तैनात उपनिरीक्षक राम प्यारे चौधरी के खिलाफ अपराधियों पर निरोधात्मक कार्रवाई में लापरवाही, हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी में ढिलाई उच्चाधिकारियों को समय पर सूचना न देने और विवेचनाओं में उदासीनता जैसे गंभीर आरोप पाए गए। जिसके चलते उन्हें भी निलंबित किया गया इसके अलावा गो-तस्करी से जुड़े मामलों में हाईवे पेट्रोलिंग के दौरान गंभीर लापरवाही सामने आई है। यातायात शाखा के छह पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। टीएसआई उमाशंकर यादव और टीएसआई मनोज कुमार सिंह सहित अन्य कर्मियों द्वारा घटनाओं की समय पर सूचना न देना कर्तव्यहीनता माना गया। सभी के खिलाफ प्रारंभिक जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जो भी अधिकारी या कर्मचारी अपने दायित्वों के प्रति लापरवाह पाया जाएगा। उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगा।

