चंदौली। जनपद में गोतस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत सदर कोतवाली पुलिस व इलिया पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर गोतस्करी गिरोह से जुड़ा निलंबित आरक्षी सत्येन्द्र यादव को अंबेडकर नगर से गिरफ्तार कर लिया उक्त मामले का खुलासा सोमवार को पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पुलिस लाइन सभागार में किया।
उन्होंने बताया कि अभियुक्त आरक्षी सत्येन्द्र यादव पुलिस की गतिविधियों व गश्त के समय सुरक्षित रास्तों की जानकारी गोतस्करों को उपलब्ध कराता था। जिससे तस्कर आसानी से अवैध गोतस्करी कर सकें। इसके बदले वह ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से धन लेता था। सत्येन्द्र यादव वर्तमान में थाना चकरघट्टा में तैनात था और पहले से ही भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के एक मामले में वांछित चल रहा था। पुलिस टीम ने उसे 12 अप्रैल को अम्बेडकरनगर के पलई बाजार से उसको गिरफ्तार किया। अभियुक्त से पूछताछ के दौरान मोबाइल फोन से व्हाट्सएप कॉल, चैट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर इस मामले का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि आरक्षी सत्येन्द्र यादव गोतस्करों को चंदौली बॉर्डर पार कराने में सक्रिय भूमिका निभा रहा था। जिसको गिरफ्तार करने में उपनिरीक्षक तरुण कुमार कश्यप, हेड कांस्टेबल रविशंकर और कांस्टेबल अरविन्द कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इनसेट——–
चंदौली।जनपद पुलिस के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में गोतस्करी से जुड़े 162 मामलों में 410 अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। वहीं वर्ष 2026 में अब तक 46 मामलों में 127 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जो पुलिस की सख्त कार्रवाई को दर्शाता है।

