चंदौली। नगर में इन दिनों मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ता जा रहा है। हालात यह हैं कि शाम ढलते ही मच्छरों के झुंड लोगों पर हमला करने लगते हैं। बाजारों, गलियों और मोहल्लों में लोगों का खड़ा रहना तक मुश्किल हो गया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर में नियमित रूप से नालियों की सफाई नहीं हो रही है। कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। जिससे मच्छरों को पनपने का अनुकूल वातावरण मिल रहा है।
गंदगी और ठहरे हुए पानी के कारण मच्छरों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह स्थिति अधिक चिंताजनक बनी हुई है। जिससे लोगों में भय का माहौल है। नगरवासियों ने प्रशासन से तत्काल फॉगिंग और दवा छिड़काव कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। लोगों ने साफ-सफाई अभियान चलाने और जलभराव की समस्या दूर करने की भी अपील की है। ताकि नगर को मच्छर जनित बीमारियों से बचाया जा सके।

