चंदौली। नेशनल हाईवे के किनारे अतिक्रमण कर रहे लोगों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष अभियान चलाया। नायब तहसीलदार अंजली वर्मा व सीओ सदर देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम और राजस्व विभाग के टीम ने मौके पर पहुंचकर हाईवे किनारे नाली पाटकर एवं सड़क सीमा में अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को चेतावनी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक मार्ग और नाली पर कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अभियान के दौरान कई स्थानों पर अस्थायी ढांचे, टीनशेड और बढ़ाए गए चबूतरों की पहचान की गई। पुलिस ने संबंधित दुकानदारों को स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए और दोबारा अतिक्रमण करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। प्रशासन ने कहा कि नेशनल हाईवे पर बढ़ते अतिक्रमण से यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। अधिकारियों ने बताया कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो बुलडोजर की कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना भी लगाया जाएगा। अभियान के दौरान क्षेत्र में हलचल का माहौल रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनहित और यातायात सुगमता बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

