चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर शनिवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने विकास खंड सदर में पांच मान्यता प्राप्त विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक ओर जहां आलोक इंटर कॉलेज को कक्षा 1 से 12 तक की मान्यता के अनुरूप संचालित पाया गया वहीं चार अन्य विद्यालयों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
तपोवन विद्यालय, फोनिक्स स्कूल, इंडियन पब्लिक स्कूल और सूर्या जूनियर हाई स्कूल में केवल कक्षा एक से 8 तक की मान्यता होने के बावजूद उसमें कक्षा 9 से 10 और कुछ विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाएं संचालित हो रही थी। निरीक्षण के दौरान विद्यालय प्रबंधकों और प्रधानाध्यापकों से स्पष्टीकरण मांगा गया। लेकिन सभी संतोषजनक उत्तर देने में असफल रहे। कक्षा 9 से 12 के छात्रों से बातचीत में सामने आया कि उनका नामांकन अन्य विद्यालयों में है। लेकिन वे इन अनाधिकृत कक्षाओं में पढ़ाई कर रहे हैं। इसे शिक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन माना गया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने चारों विद्यालयों को तत्काल प्रभाव से केवल मान्यता प्राप्त कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, सभी के विरुद्ध नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। चेताया कि भविष्य में भी बिना मान्यता कक्षाएं संचालित पाए जाने पर नियमानुसार सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

