चंदौली। सदर तहसील सभागार में सोमवार जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग व पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान उनके समक्ष कुल 30 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। जिनमें से 3 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं 2 मामलों में पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीम को स्थलीय निरीक्षण के लिए भेजा गया, जब कि शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभागीय अधिकारी प्राप्त शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध तरीके से करें। और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने निर्विवाद वरासत समेत अन्य मामलों को प्राथमिकता पर तत्काल निपटाने पर जोर दिया। अधिकांश शिकायतें भूमि विवाद, विकास कार्य, सिंचाई, विद्युत एवं पुलिस विभाग से संबंधित थीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुनकर उसका समाधान सुनिश्चित करें। ताकि जनता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। साथ ही आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। उन्होंने लंबित मामलों पर विशेष ध्यान देते हुए उप जिलाधिकारियों को तीन वर्ष से अधिक पुराने प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए।

