चंदौली। थाना अलीनगर क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार को मुखबिर की सूचना पर जाली नोट बनाने और उनकी सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया कर लिया। जब कि दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने मौके से 100 रुपये के 55 जाली नोट व 442 अर्धनिर्मित जाली नोट के साथ नोट छापने के अत्याधुनिक उपकरण भी बरामद किए गए हैं। उक्त मामले का खुलासा सीओ मुगलसराय अरुण कुमार सिंह व सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने पुलिस लाइन में किया।
उन्होंने बताया कि अलीनगर पुलिस और स्वाट सर्विलांस टीम आलमपुर अंडरपास के पास चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि मानसनगर क्षेत्र के एक मकान में जाली नोट बनाए जा रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मकान की पहली मंजिल पर दबिश दी। वहां मौजूद लोगों ने भागने की कोशिश की। लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया।तलाशी के दौरान जाली नोटों के साथ प्रिंटर, लैमिनेटर, वाटरमार्क पेपर, लाइट बॉक्स, लैपटॉप सहित कई उपकरण बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने जाली नोट छापने की तकनीक यूट्यूब और गूगल से सीखी थी। तथा अन्य साथियों के सहयोग से इस अवैध कार्य को अंजाम दे रहा था। इस मामले में थाना अलीनगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

