चंदौली। बबुरी थाना क्षेत्र के प्रनपुरा गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई। जब एक अधेड़ व्यक्ति गांव स्थित बीएसएनएल के करीब 130 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया। इतनी ऊंचाई पर व्यक्ति को देख ग्रामीणों में दहशत फैल गई। और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही मौक़े पर पहुची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से उसे सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया।
काफी देर तक समझाने-बुझाने के बावजूद वह व्यक्ति टावर से उतरने को तैयार नहीं हुआ। जिससे स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। इस दौरान ग्रामीणों के बीच चर्चा रही कि अधेड़ नशे की हालत में था। मामले की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने कड़ी मशक्कत करते हुए घंटों बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। घटना के दौरान गांव में देर रात तक लोगों की भीड़ लगी रही और पूरे इलाके में इस घटना की चर्चा होती रही। टावर पर चढ़े व्यक्ति की पहचान बनौली निवासी सुरेश के रूप में हुई। नीचे उतरने के बाद उसने बताया कि उसकी पत्नी नाराज होकर बेटे के साथ अपने मायके कमालपुर चली गई थी। इसी दुख में उसने शराब पी ली और आवेश में आकर टावर पर चढ़ गया। पुलिस ने उसे समझाकर परिजनों के हवाले कर दिया।

