चंदौली। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के नेतृत्व में सदर कोतवाली में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान आम जनता की समस्याओं को सुनने और उनका मौके पर समाधान करने की प्रक्रिया अपनाई गई। जिसमें पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से भाग लिया।
समाधान दिवस के दौरान कुल पांच प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। जिनमें से दो पुलिस विभाग से संबंधित थे जबकि तीन मामले राजस्व विभाग से जुड़े हुए थे। पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रार्थना पत्रों की गंभीरता से जांच कर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत को हल्के में न लिया जाए हर फरियादी को न्याय दिलाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। साथ ही पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि वे थानों में आने वाले लोगों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करें, उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनें और उन्हें उचित मार्गदर्शन दें। पुलिस की छवि आम जनता के साथ व्यवहार से ही बनती है, इसलिए हर पुलिसकर्मी को अपने आचरण में सुधार लाने की आवश्यकता है। दौरान मौके पर क्षेत्राधिकारी सदर देवेंद्र कुमार और तहसील के कर्मचारी भी मौजूद रहे। जिन्होंने राजस्व से संबंधित मामलों के निस्तारण में सहयोग किया।

