चंदौली। जनपद में अवैध रूप से ऊंचे ब्याज पर पैसा उधार देकर आम जनता का शोषण करने वाले ‘ब्याज माफियाओं’ के खिलाफ एसपी आकाश पटेल ने सख्त रूप अपनाया है। एसपी ने सभी अधिकारियों थाना प्रभारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बिना लाइसेंस ब्याज माफियाओ पर कठोर कार्रवाई किया जाए। जो मजबूर लोगों का आर्थिक और मानसिक उत्पीड़न कर रहे हैं।
अभियान के तहत सभी थानों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय अवैध सूदखोरों की पहचान कर सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। खासतौर पर उन लोगों पर निगरानी रखी जाएगी। जो धमकी देकर या सादे कागज और चेक पर हस्ताक्षर कराकर संपत्ति हड़पने का प्रयास करते हैं। एसपी ने स्पष्ट किया है कि उत्तर प्रदेश साहूकारी अधिनियम के तहत निर्धारित सीमा से अधिक ब्याज वसूलना अपराध है और बिना पंजीकरण धन उधार देना पूरी तरह प्रतिबंधित है। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि शिकायत मिलने पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाए। साथ ही गांव-कस्बों में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सूदखोरों से सतर्क रहने की अपील की गई है। एसपी ने जनता से निडर होकर शिकायत करने का आह्वान किया है।

