चंदौली। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर के विभिन्न अनुभागों का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) न्यायालय, नजारत अनुभाग, अभिलेखागार तथा भूलेख अनुभाग सहित कई पटलों का बारीकी से निरीक्षण किया। नजारत अनुभाग में पूर्व निर्देशों के बावजूद जीपीएफ पासबुक अपडेट न होने और वर्ष 2024 के बाद कर्मचारियों की सेवा सत्यापन प्रक्रिया लंबित मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। इस लापरवाही पर उप जिलाधिकारी को स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए गए। वहीं नजीर आशीष सिंह को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का आदेश भी जारी किया गया। अभिलेखागार और भूलेख अनुभाग के निरीक्षण में नक्शा व नकल जारी करने में अनियमितताएं पाई गईं। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा आवेदनकर्ताओं का नाम और मोबाइल नंबर रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। इसके अलावा उन्होंने सेवा पुस्तिकाओं के रखरखाव, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के देयकों के भुगतान और बस्ता सूची के अद्यतन न होने पर भी उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की। मंडलायुक्त ने प्रभारी अधिकारी को रोस्टर के अनुसार नियमित निरीक्षण करने और आम जनता की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, मुख्य विकास आर जगत साईं सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

