चंदौली। सदर कोतवाली में तैनात एक महिला कांस्टेबल ने अपने ही सहकर्मी पर अभद्र व्यवहार का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर पुलिस विभाग में हड़कंप मची हुई है। साथ ही पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। वही महिला सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के बीच इस तरह की घटना चिंता का विषय बन गई है।
पीड़िता कांस्टेबल ने आरोप लगाया है कि 18 मार्च की रात उनकी ड्यूटी मिशन शक्ति केंद्र पर लगी थी। और वह थाने में मौजूद थीं। इसी दौरान वह अपने बच्चे को दूध पिलाने के लिए सीसीटीएनएस कक्ष में गईं। इस दौरान क्वार्टर गार्ड ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल अमित कुमार सिंह, ड्यूटी समाप्त होने के बाद करीब रात 2 बजे अचानक सीसीटीएनएस कक्ष में पहुंच गया। मेरे साथ अभद्रता शुरू कर दी। शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद तत्काल इस मामले की जानकारी एसपी को दी। और लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।वही एसपी के निर्देश पर मामले को गंभीरता से लेते हुए सदर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है। इस बाबत सदर कोतवाल विजय बहादुर सिंह ने बताया कि पीड़िता के तहरीर पर आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही उसको सस्पेंड कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

