चंदौली। मुख्यालय स्थित चंद्रा भवन कांग्रेस कार्यालय में शुक्रवार को जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं की मासिक बैठक सम्पन्न हुई। जिसमें संगठनात्मक मजबूती और जिले के जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा किया गया। बैठक के दौरान जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश सचिव जमशेद अहमद ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। साथ ही छात्र नेता ज्ञान सिंह भी कांग्रेस में शामिल हुए।
जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि यदि शासन द्वारा पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल के अस्तित्व को समाप्त करने का प्रयास किया गया तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। चेताया कि पार्टी कार्यकर्ता आम जनता के साथ मिलकर सड़कों पर उतरेंगे और आंदोलन के माध्यम से सरकार को अस्पताल बचाने के लिए मजबूर करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों का लगातार स्थानांतरण किया जा रहा है। जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। इससे यह प्रतीत होता है कि सरकार अस्पताल को कमजोर कर उसे समाप्त करने की दिशा में काम कर रही है। कांग्रेस पार्टी इस मंसूबे को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी और जल्द ही “जिला अस्पताल बचाओ आंदोलन” शुरू किया जाएगा। इस अवसर पर जिले के कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

