चंदौली। लोहिया भवन स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पर रविवार को बहुजन समाज के महान नेता कांशीराम का जन्मदिन पीडीए दिवस के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सांसद वीरेंद्र सिंह ने किया। जिसमें बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने कांशीराम के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके विचारों को याद किया।
इस दौरान सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि कांशीराम ने दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए जीवनभर संघर्ष किया। और उन्हें राजनीतिक रूप से जागरूक करने का कार्य किया। कांशीराम दलितों और पिछड़ों के सच्चे मसीहा थे। उन्होंने समाज के कमजोर वर्गों को एकजुट कर उन्हें सम्मान और अधिकार दिलाने की लड़ाई लड़ी। उनके विचार आज भी सामाजिक न्याय की राजनीति के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। सपा राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह डब्लू, ने कहा कि कांशीराम ने अपनी साफ और स्वच्छ राजनीति के माध्यम से पूरे भारत को जोड़ने का काम किया। उनका जीवन संघर्ष, समर्पण और सामाजिक परिवर्तन का प्रतीक रहा है। कांशीराम दुनिया भर में एक महान नेता के रूप में विख्यात हैं। उनके विचार हमेशा समाज को नई दिशा देते रहेंगे। इस दौरान जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, सकलडीहा विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव, पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार, बीरेंद्र बिंद, जिला पंचायत सदस्य रमेश यादव, योगेश यादव चकरु, निरंजन कन्नौजिया, दिलीप पासवान, आदि उपस्थित रहे।

