चंदौली। मुगलसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत सहजौर-छेमिया गांव के समीप रिंग रोड पर रविवार देर शाम मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली विवाद के बाद दबंगों ने चार युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने से चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल वाराणसी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया जहा एक कि हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान एक पक्ष के लोगों ने हथियार निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास के लोग दहशत में आ गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी ने मातहत अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के आदेश दिए। साथ ही आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीम का गठन कर दिया है। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की पुलिस फोर्स को मौके पर तैनात कर दिया गया है। जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

