नौगढ़। क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को लेकर जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। क्षेत्रीय सांसद छोटेलाल खरवार ने अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए चिकित्सा अधीक्षक पर मनमानी का आरोप लगाया है। कहा कि अस्पताल में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। जिससे क्षेत्र की गरीब जनता को इलाज के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
सांसद ने बताया कि अस्पताल में रात्रि के समय बिजली कटौती होने पर पूरा परिसर अंधेरे में डूब जाता है। अस्पताल में जनरेटर और सोलर सिस्टम की व्यवस्था होने के बावजूद उनका सही ढंग से उपयोग नहीं किया जाता है। जिससे रात के समय मरीजों और उनके परिजनों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। आरोप लगाया कि किसी घटना या सड़क दुर्घटना में घायल मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में समुचित उपचार नहीं मिल पाता है। अस्पताल में मौजूद चिकित्सक प्राथमिक उपचार देने के बजाय मरीजों को तुरंत अन्यत्र रेफर कर देते हैं। इससे मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता और उन्हें दूर-दराज के अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है। वहीं महिला संबंधित बीमारियों के इलाज के लिए भी पर्याप्त सुविधा उपलब्ध नहीं होने से मरीजों को इलाज के लिए राबर्ट्सगंज, मुगलसराय और वाराणसी जैसे बड़े शहरों में जाना पड़ता है। इससे गरीब और ग्रामीण परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ जाता है। जनपद के सबसे पिछड़े क्षेत्रों में शामिल नौगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर सुधारने व अस्पताल की व्यवस्था में सुधार कर बेहतर उपचार सुविधा उपलब्ध कराने की मांग किया है।

