प्रभारी मंत्री ने जनप्रतिनिधियों के साथ राजदरी के पास किया पौधरोपण
Young Writer, Plantation in Naugarh: चंदौली जनपद में पौधरोपण अभियान के तहत शनिवार को राजदरी के पास ढाला रोपावनी में प्रभारी मंत्री संजीव गोंड, राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह, विधायक कैलाश आचार्य समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस मौके पर प्रभारी मंत्री संजीव गोंड ने कहा कि पूरे प्रदेश में 64 करोड़ 46 लाख वृक्ष लगाए जा रहे हैं। इस क्रम में जनपद चंदौली में भी यह अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने सभी से पौधरोपण की अपील की। कहा कि अधिक से अधिक पेड़ होगा, तभी हमें ऑक्सीजन मिलेगा और वर्षा भी अधिक होगी। इसलिए हम सभी को वृक्ष अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने पेड़ लगाने के साथ ही पेड़ की सेवा करने की भी अपील की।
राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने एक पेड़ मां के नाम से सभी से पेड़ लगाने की अपील की। कहा कि कोरोना काल में ऑक्सीजन की आवश्यकता ने यह सबको बता दिया की पेड़ों के बिना हमारे जीवन का अस्तित्व संभव नहीं है। कहा कि जो पौधा हम लगाए वो सुरक्षित रहे और अपनी पूर्णता को प्राप्त करे हमें इसकी भी चिंता करनी होगी। वृक्ष हमारे जीवन के अभिन्न अंग हैं। इस अभियान को पूर्णता तभी मिलेगी, जब लगाए जाने वाले पौधे पूरी तरह से सुरक्षित भी रहे। उन्होंने पर्यावरणीय संकट को देखते हुए स्कूली बच्चों के बीच पर्यावरण संबंधी जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाने की बात भी कही। कहा कि पर्यावरण के अत्यधिक दोहन से खतरा निरंतर बढ़ता जा रहा है। सघन पौधरोपण से ही पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सकता है।
विधायक चकिया कैलाश आचार्य ने पेड़ को देवता की संज्ञा देते हुए सभी से पेड़ लगाने की अपील की। कहा कि सभी लोग एक पेड़ मां के नाम अभियान में बढ़ चढ़कर हिस्सा लें और कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाएं, जिनके पास जगह-जमीन नहीं है वो लोग तुलसी का ही पौधा लगाएं। वृक्ष मित्र परशुराम सिंह ने वृक्ष बचाओ विश्व बचाओ का नारा दिया। साथ ही सभी से वृक्ष लगाने व वृक्ष को बचाने की भी अपील की। कहा कि पेड़ लगाने से पहले पेड़ बचाने की मुहिम शुरू होनी चाहिए। कार्यक्रम के प्रारंभ में कवि मनोज द्विवेदी ने काव्य पाठ करते हुए पर्यावरण संबंधी अपनी कविताओं से सबका मन मोहा। प्राथमिक विद्यालय चकिया की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की मनमोहक प्रस्तुतिकरण दिया। इस अवसर पर सीडीओ एसएन श्रीवास्तव, एएसपी विनय सिंह, एसडीएम आलोक कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी नीरज सिन्हा, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजीव कुमार, जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, सूर्यमुनी तिवारी आदि उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन डीएफओ दिलीप श्रीवास्तव ने किया।