चंदौली। मिर्जापुर क्षेत्र के शक्तेशगढ़ आश्रम चुनार में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर हरिओम हॉस्पिटल चंदौली की ओर से निःशुल्क शिविर का आयोजन किया गया। जहां पर मेले में आए लोगो ने अपना हेल्थ चेकअप कराया। वही उन्हें आवश्यकता के अनुसार नि शुल्क दवा भी वितरण किया गया।
इस दौरान डॉक्टर विवेक कुमार सिंह ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आश्रम परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया है। जिसमें कैस्ट्रॉल, शुगर, ब्लड प्रेशर, पल्स और ऑक्सीजन की जांच निःशुल्क की गई। इसके साथ ही निःशुल्क दवा वितरण किया गया। मेले में आए लोगों को अगर किसी भी प्रकार की परेशानी हो तो तत्काल शिविर में पहुंचकर अपना इलाज कर सकते हैं। शिविर में सभी इलाज और दवा फ्री है। इस दौरान रवि,अमरेन्द्र,करण ,बबलू, रजनीश अजीत, राकेश, जयकिशन, आदि मौजूद रहे।
चंदौली। जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने उर्वरक, बीज एवम् कीटनाशक का व्यापार करने के इच्छुक व्यक्तियों लाइसेंस के लिए रविवार को विज्ञप्ति के माध्यम से गाइडलाइन जारी किया। जो भी लाइसेंस लेना चाहता है। वह प्रक्रिया पूर्ण कर लाइसेंस प्राप्त कर सकता है। कहा कि उक्त तीनों के बिक्री के लिए लाइसेंस प्राप्त करने की प्रकिया पूर्ण रूप से ऑनलाइन है। लाइसेंस नया जारी करवाना हो, नवीनीकरण करवाना हो या फिर डुप्लीकेट कॉपी जारी करवानी हो, इस सबके लिए ऑनलाइन आवेदन ही लिए जायेंगे। कहा कि आवेदन सीधे सीएससी (कामन सर्विस सेंटर) साइबर कैफे अथवा स्वयं अपने कम्प्यूटर के माध्यम से कर सकते है। ऑनलाइन आवेदन हेतु विभागीय वेवसाइट upagriculture.com को खोलें जनहित गारंटी पर जाकर ऑनलाइन लाइसेंस आवेदन पर क्लिक कर मांगे गये अभिलेख पोर्टल पर ही फीड एवं अपलोड करने होते है। इसके बाद पोर्टल के माध्यम से प्राप्त ऑनलाइन आवेदन को नियमानुसार सत्यापन की कार्यवाही कार्यालय द्वारा पूर्ण की जाएगी। कहा कि फीस भी ऑनलाइन ही जमा होगी। आवश्यक अभिलेख और फीस की जानकारी भी ऑनलाइन ही प्राप्त हो जाएगी। ऑनलाइन आवेदन में यदि किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है। या कोई अभिलेख अपूर्ण रहता है। तो इसको सुधार करने करने के लिए आवेदक को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ही एक अवसर दिया जाएगा। इस प्रकार समस्त औपचारिकतायें पूर्ण हो जाने पर लाइसेंस ऑनलाइन जारी कर दिया जाता है। आवेदक अपनी सुविधानुसार उसका प्रिन्ट निकाल सकता है। इस प्रकार लाइसेंस की सम्पूर्ण प्रक्रिया के लिए किसी भी आवेदक को कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं है।
चंदौली। नगर के पुलिस चौकी में रविवार को कस्बा इंचार्ज एसआई शिव बाबू यादव के गाजीपुर स्थानांतरण पर साथी पुलिसकर्मियों ने विदाई समारोह का आयोजन किया। और माला फूल व उपहार देकर भावपूर्ण विदाई दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि ने विदाई शब्द ही दुखदायी होता है। लेकिन यह सतत प्रक्रिया है। जिससे प्रत्येक पुलिसकर्मियों को गुजरना पड़ता है। अपने कार्यकाल में अपराध नियंत्रण के साथ साथ घटनाओं को रोकने का प्रयास किया। और क्षेत्र में शांति व्यवस्था को कायम रखा। शासकीय सेवा में तबादला होना एक सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया है। लेकिन मैं भरोसा दिलाता हूं जहां भी रहूंगा आप लोगों से सदैव जीवंत संपर्क बनाए रखूंगा। इस दौरान कांस्टेबल शेखर यादव, इंद्रजीत यादव,देवेश कुमार, बबलू आदि मौजूद रहे।
ललित निबन्धकार व वरिष्ठ साहित्यकार डा. उमेश प्रसाद सिंह का धूमधाम के साथ साहित्यकारो ने मनाया जन्मोत्सव
Young Writer: ललित निबन्धकार डॉ उमेश प्रसाद सिंह का जन्मोत्सव शनिवार को कैलाशपुरी स्थित साईं पब्लिक स्कूल में धूमधाम से समारोह पूर्वक मनाया गया। इस दौरान चंदौली के साथ-साथ काशी के साहित्यकारों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सेन्ट्रल पब्लिक स्कूल के सीएमडी डॉ विनय कुमार वर्मा ने अतिथियों की मेजबानी की। इसके बाद केक काटकर ललित निबन्धकार डॉ उमेश प्रसाद सिंह का जन्मदिन मनाया गया। इस दौरान सहित्यकारों ने डॉ उमेश प्रसाद सिंह का माल्यार्पण करने के साथ ही अंगवस्त्रम, उपहार और पुष्प भेट कर सम्मानित किया।
तत्पश्चात गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित साहित्यकारों ने हास्य प्रस्तुतियों के साथ ही समसामयिक साहित्यिक, सामाजिक और राजनैतिक विषयों पर गंभीर चिंतन-मंथन किया। इसके साथ ही सहित्यकारों ने साहित्य और साहित्यकारों की सामाजिक उपेक्षा और लोगों की साहित्य के प्रति घटती रुचि और रुझान के प्रति भी अपनी चिंताएं व्यक्त की और उसके समाधान को भी अपने बातों और विचारों के माध्यम से गोष्ठी के पटल पर रखने का काम किया। इसके पूर्व सभी ने मिलकर डॉ उमेश प्रसाद सिंह के दीर्घायु होने के साथ ही उनके अच्छे स्वास्थ्य और उनकी यश-कीर्ति में वृध्दि के लिए मंगल कामना की।
इस अवसर पर जाने माने साहित्यकार एल उमाशंकर सिंह ने समाज में साहित्यकारों के घटते सम्मान के प्रति चिंता व्यक्त की और इसे गंभीर विषय बताया। कहा कि आज साहित्य और साहित्यकार दोनों उपेक्षित हैं। आज साहित्य को जानने और पढ़ने वालों की संख्या में भारी कमी आयी है। यही वजह है कि आज साहित्यकारों की संख्या घटकर बहुत कम हो गई है। आज ऐसे छोटे छोटे आयोजन साहित्य में जान डालने का काम कर रहे हैं। साहित्य में कुछ नया करने की जरूरत है ताकि लोग साहित्य से जुड़ें और उनके अंदर साहित्य हो जानने की लालसा और उत्साह पैदा हो। कहा कि अन्वेषण करना मानव का सबसे विशेष धर्म है। हमें साहित्य के क्षेत्र में नए अन्वेषण यानी खोज की जरूरत है, जो साहित्य जगत में नई जान फूंकने और उसे नई पह्चान देने का काम करें।
प्रतिष्ठित साहित्यकार और गजलकार शिव कुमार “पराग” ने डॉ उमेश प्रसाद सिंह को चंदौली ही नहीं पूरे देश का उम्दा साहित्यकार बताया। कहा कि डॉ उमेश प्रसाद सिंह ने उच्च कोटि के ललित निबंधों को अपनी विधा के जरिए सरल बनाकर उसे आम पाठकों को परोसने जैसा अद्भुत काम किया है और वे इस आधुनिक विधा को निरतंर आगे बढ़ा रहे हैं। बताया कि इनका व्यक्तित्व और चरित्र जितना उत्तम और सरल है ठीक उसी तरह से उनकी रचनाएं उत्कृष्ट और उच्च कोटि की होने के बावजूद बेहद सरल और आम पाठकों के लिए सहज उपलब्ध है। यह उनका विशेष गुण ही उन्हें और अधिक विशेष बनाता है। उन्होंने डॉ उमेश प्रसाद सिंह को हिंदी साहित्य का सजग प्रहरी बताया।
एलबीएस कॉलेज को पूर्व प्राचार्य डॉ अनिल यादव ने डॉ उमेश प्रसाद सिंह को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनकी रचना हस्तिनापुर एक्सटेंशन के बारे में अपने विचारों को रखा और उनकी इस कृति को उच्च कोटि की रचना बताया। साथ उन्होंने इस पुस्तक के दूसरे संस्करण को पाठकों के निमित्त प्रस्तुत करने का आग्रह भी प्रस्तुत किया। कहा कि डॉ उमेश प्रसाद सिंह की रचनाएं जितनी उच्च कोटि की हैं उनका व्यक्तित्व उतना ही सहज और सरल है। वह हिंदी साहित्य के ऐसे वट वृक्ष हैं जिनकी छांव और सानिध्य में सहित्यकारों की नई पौध तैयार हो रही हैं। उन्होंने अपने अद्भुत और अद्वितीय लेखनी और आचरण से लोगों को साहित्य को डोर से बांधने का काम किया है।
सेवानिवृत्त रेल राज भाषा अधिकारी दिनेश चंद्रा ने भी डॉ उमेश प्रसाद सिंह द्वारा हिंदी साहित्य को दिए गए योगदान पर प्रकाश डाला। कहा कि डॉ उमेश प्रसाद सिंह जैसी शख्सियत शताब्दियों में पैदा हुआ करती हैं। हिंदी साहित्य में उनकी मौजूदगी सौभाग्य की बात है। हम सभी यह मंगल कामना करते हैं कि शताब्दी तक उनका साथ और सानिध्य बना रहे। इसके अलावा दीनानाथ देवेश, रामजी प्रसाद भैरव, प्रकाश चौरसिया, डा शैलेंद्र सिंह, राजनारायण सिंह, आर्य समाज के प्रमख अरुण आर्य, प्रमोद कुमार सिंह “समीर, सुरेश कुमार”अकेला, आशीष रंजन सिंह, सत्यम कुमार वर्मा, श्याम नारायण सिंह, शमशाद अंसारी आदि ने भी अपने-अपने विचारों को रखा।
अंत में संचालन कर रहे डॉ विनय कुमार वर्मा ने कहा कि डॉ उमेश प्रसाद ही आज देश के बड़े सहित्यकारों में शुमार हैं। बड़ी राजनीतिक हस्तियों और नामची न लोगों से सीधा संवाद और सम्बधों के बावजूद ये बेहद सरल और सर्वसुलभ हैं जो उनके व्यक्तित्व को अत्यंत विशेष बनाता है। कहा कि हम सभी ने डॉ उमेश प्रसाद सिंह के सानिध्य में बहुत कुछ सीखा है और आज भी सीख रहे हैं। इनकी मौजूदगी हम सभी को कुछ नया और अलग करने की ऊर्जा और उत्साह प्रदान करती है। इसके साथ ही उन्होंने 31 जुलाई को प्रस्तावित कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से प्रकाश डाला।
Naugarh के राजदरी के पास आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम को संबोधित करते प्रभारी मंत्री संजीव गोंड।
प्रभारी मंत्री ने जनप्रतिनिधियों के साथ राजदरी के पास किया पौधरोपण
Young Writer, Plantation in Naugarh: चंदौली जनपद में पौधरोपण अभियान के तहत शनिवार को राजदरी के पास ढाला रोपावनी में प्रभारी मंत्री संजीव गोंड, राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह, विधायक कैलाश आचार्य समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस मौके पर प्रभारी मंत्री संजीव गोंड ने कहा कि पूरे प्रदेश में 64 करोड़ 46 लाख वृक्ष लगाए जा रहे हैं। इस क्रम में जनपद चंदौली में भी यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी से पौधरोपण की अपील की। कहा कि अधिक से अधिक पेड़ होगा, तभी हमें ऑक्सीजन मिलेगा और वर्षा भी अधिक होगी। इसलिए हम सभी को वृक्ष अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने पेड़ लगाने के साथ ही पेड़ की सेवा करने की भी अपील की।
राजदरी के पास ढाला रोपावनी में पौधरोपण करते अतिथिगण।
राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने एक पेड़ मां के नाम से सभी से पेड़ लगाने की अपील की। कहा कि कोरोना काल में ऑक्सीजन की आवश्यकता ने यह सबको बता दिया की पेड़ों के बिना हमारे जीवन का अस्तित्व संभव नहीं है। कहा कि जो पौधा हम लगाए वो सुरक्षित रहे और अपनी पूर्णता को प्राप्त करे हमें इसकी भी चिंता करनी होगी। वृक्ष हमारे जीवन के अभिन्न अंग हैं। इस अभियान को पूर्णता तभी मिलेगी, जब लगाए जाने वाले पौधे पूरी तरह से सुरक्षित भी रहे। उन्होंने पर्यावरणीय संकट को देखते हुए स्कूली बच्चों के बीच पर्यावरण संबंधी जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाने की बात भी कही। कहा कि पर्यावरण के अत्यधिक दोहन से खतरा निरंतर बढ़ता जा रहा है। सघन पौधरोपण से ही पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सकता है।
राजदरी के पास आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में नृत्य प्रस्तुत करते स्कूली बच्चे।
विधायक चकिया कैलाश आचार्य ने पेड़ को देवता की संज्ञा देते हुए सभी से पेड़ लगाने की अपील की। कहा कि सभी लोग एक पेड़ मां के नाम अभियान में बढ़ चढ़कर हिस्सा लें और कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाएं, जिनके पास जगह-जमीन नहीं है वो लोग तुलसी का ही पौधा लगाएं। वृक्ष मित्र परशुराम सिंह ने वृक्ष बचाओ विश्व बचाओ का नारा दिया। साथ ही सभी से वृक्ष लगाने व वृक्ष को बचाने की भी अपील की। कहा कि पेड़ लगाने से पहले पेड़ बचाने की मुहिम शुरू होनी चाहिए। कार्यक्रम के प्रारंभ में कवि मनोज द्विवेदी ने काव्य पाठ करते हुए पर्यावरण संबंधी अपनी कविताओं से सबका मन मोहा। प्राथमिक विद्यालय चकिया की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की मनमोहक प्रस्तुतिकरण दिया। इस अवसर पर सीडीओ एसएन श्रीवास्तव, एएसपी विनय सिंह, एसडीएम आलोक कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी नीरज सिन्हा, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजीव कुमार, जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, सूर्यमुनी तिवारी आदि उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन डीएफओ दिलीप श्रीवास्तव ने किया।
नौगढ। थाना क्षेत्र के बोझ गांव निवासी लक्ष्मण 30 वर्ष को पैसे के लेन-देन में हुए विवाद को लेकर धारदार हथियार से गला पर प्रहार किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। चकरघट्टा थाना क्षेत्र के केसार गांव के समीप जंगल में घायलावस्था में लहुलुहान पड़े लक्ष्मण को देखकर चरवाहों ने नौगढ खलियारी मार्ग पर चलने वाले सवारी वाहन पर बैठाकर उसे नौगढ भेजवाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नौगढ मे प्राथमिक उपचार कर चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया के लिए रेफर कर दिया। नौगढ थाना क्षेत्र के बोझ गांव निवासी लक्ष्मण 30 वर्ष पुत्र कमला काफी दिनों से वाराणसी में रहकर मजदूरी करके आय अर्जन करता है। जनपद सोनभद्र के रायपुर थाना क्षेत्र के नन्दना गांव गांव निवासी अपने ससुर को काफी दिनों पूर्व लक्ष्मण ने 30 हजार ब्याज पर दिया है। एक माह से उसकी पत्नी चंदा देवी अपने मायके नन्दना गांव गई है। नगद रूपया व ब्याज की रकम को दिए जाने का समय निर्धारित होने पर अभी बीते सोमवार को लक्ष्मण अपने ससुराल पहुंच गया। शुक्रवार को घायलावस्था में चकरघट्टा थाना क्षेत्र के केसार गांव के समीप जंगल में घायलावस्था में मिलने से लोगों में तरह तरह की चर्चाएं व्याप्त है। इस बाबत थानाध्यक्ष जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि जंगल मे युवक घायलावस्था में मिला है। जिसको उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए चकिया संयुक्त चिकित्सालय में रेफर कर दिया। मामले की जांच की जा रही है।
चहनियां। बलुआ थाना क्षेत्र के मारूफपुर निवासी प्रिन्स मिश्रा के तीन वर्षीय एकलौते पुत्र दीपांश मिश्र को बीते गुरुवार की देर रात को खेलते समय सांप ने काट लिया। लेकिन परिजनों को तब पता चला जब बच्चा मूर्छित होने लगा। आनन फानन में परिजन इलाज के लिये सकलडीहा ले गये। लेकिन हालत में सुधार न होते देख अमवा की सती मंदिर ले गये। जहां बच्चे की मौत हो गयी। मौत की पुष्टि हो जाने के बाद शुक्रवार की सुबह परिजन बालक का शव लेकर घर पहुंचे और बच्चे को परंपरा अनुसार केले के पत्ते में लपेटकर गंगा नदी में प्रवाहित कर दिया गया। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल रहा।
चंदौली। डीपीआरओ नीरज सिंहा ने बगैर काम किए सरकारी वेतन उठा रहे दो सफाईकर्मियों को शुक्रवार को निलंबित कर दिया। सदर ब्लाक के हथियानी गांव में तैनात सफाईकर्मी प्रवीण कुमार और धरौली के सफाईकर्मी संजय कुमार के खिलाफ कार्रवाई की गई है। दोनों की सफाईकर्मी महीनों से गांव में नहीं जा रहे थे। इससे गांव में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। एडीओ पंचायत सकलडीहा को जांच अधिकारी नामित करते हुए जांच के निर्देश दिए हैं, ताकि सफाईकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सके। बताते हैं कि प्रवीण कुमार हथियानी गांव में सफाईकर्मी के तौर पर तैनात हैं। ग्रामीणों ने शिकायत किया कि सफाईकर्मी दो माह से नहीं आ रहा है। अधिकारियों ने इसकी जांच की, तो आरोप सही पाए गए। गांव में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। अधिकारियों ने सफाईकर्मी से मोबाइल के जरिये संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन सफाईकर्मी ने फोन नहीं उठाया। इस पर डीपीआरओ नीरज सिंहा ने सफाईकर्मी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं ग्राम पंचायत धरौली में तैनात सफाईकर्मी संजय कुमार नियुक्ति के बाद से गांव में गया ही नहीं। ग्रामीण लगातार शिकायत कर रहे थे। इसे गंभीरता से लेते हुए डीपीआरओ ने इन्हें निलंबित कर दिया। वहीं एडीओ पंचायत सकलडीहा को जांच अधिकारी नामित करते हुए 15 दिनों के अंदर जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। जांच अधिकारी आरोप पत्र बनाकर अनुमोदित कराने के बाद सफाईकर्मी को उपलब्ध कराएंगे।
चंदौली। क्षेत्र के झांसी गांव में स्थित यथार्थ नर्सिंग कॉलेज एवम पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट में शुक्रवार को वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्यातिथि मुख्य विकास अधिकारी एस. एन. श्रीवास्तव तथा कॉलेज प्रबंधक डॉ धनंजय सिंह कालेज परिसर ने पौधे रोपण किया। और उसके महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी एस. एन. श्रीवास्तव ने कहा की प्रकृति ने हमें इंसान के रूप में जन्म दिया है। तो हमारी भी जिम्मेदारी भी बनती है। प्रकृति के अमूल्य धरोहर पेड़-पौधों के संरक्षण कर उनकी सुरक्षा करें। कहा कि यह पेड़, पौधे बड़े होकर कॉलेज परिसर में न केवल हरियाली बिखेरेगें बल्कि आने वाली पीढ़ी के जीवन को बचाने के लिए जीवनदाता के रूप में सुरक्षा कवच का काम करेंगे।
अभियान की सराहना करते हुए कहा कि हम सबकी यह जिम्मेदारी बनती है। कि अभियान में हिस्सा लेते हुए अधिक से अधिक पेड़ पौधे लगाकर पर्यावरण को बचाएं। वृक्ष हमारे प्रकृति की अमूल्य धरोहर हैं। इनकी रक्षा करना हम सब का कर्तव्य है। इस दौरान कॉलेज प्रिंसिपल डॉ जेनेट जे, वाइस प्रिंसिपल आर. के. शर्मा, अमित सिंह, उपस्थित रहे।
चंदौली। शासन के निर्देश पर बृहस्पतिवार को कृषि विभाग की तरफ से नियामताबाद व चहनियां ब्लॉक में मिलेट्स मिनीकिट बीज नि:शुल्क वितरण किया गया। साथ ही किसानों को मिलेट्स के बीज की बुवाई तथा उससे होने वाले महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विकासखंड नियामताबाद के राजकीय कृषि बीज भंड़ार पर कार्यक्रम आयोजित कर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि बाबूलाल यादव की अध्यक्षता में दर्जनों कृषकों को नि:शुल्क बीज ( रागी, कोदो,ज्वार और अरहर) का पैकेट का वितरण कराया। इस दौरान जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव द्वारा वितरण किए गए। मिलेट्स के बीज की बुवाई तथा मिलेट्स से होने वाले महत्व के बारे में भी किसानों को विस्तार पूर्वक बताया गया। इस अवसर पर उप कृषि निदेशक भीमसेन, खंड विकास अधिकारी शरद चंद्र शुक्ल, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राणा सिंह व कृषि विभाग के समस्त कर्मचारी भी मौजूद रहे। वहीं कृषक भोला बिंद, राजू बिंद, अमन, विठ्ठल दास, मनोज कुमार, बलदेव, नंदलाल गुप्ता, अभय दुबे, संतोष मिश्रा,कृष्ण मुरारी, संतोष नारायण सिंह आदि किसान उपस्थित रहे।