32.7 C
Chandauli
Thursday, September 10, 2026

Buy now

Home Blog

Chandauli:पुलिस ने भैंस चोर गिरोह का किया पर्दाफाश,आठ गिरफ्तार


चंदौली। अलीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम ने भैंस चोरी करने वाले सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक भैंस, पिकअप वाहन, 23,700 रुपये नकद और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
जिले में लगातार हो रही भैंस चोरी की घटनाओं की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों से गिरोह की गतिविधियों का पता चला। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रेवसा स्थित रेलवे ब्रिज के नीचे कुछ लोग पिकअप में चोरी की भैंस लाद रहे हैं। सूचना पर अलीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपियों ने चालक से वाहन पुलिसकर्मियों पर चढ़ाने के लिए कहा। चालक ने पिकअप तेज गति से पुलिस की ओर बढ़ा दी लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर ब्रिज के पिलर से टकरा गया। पुलिस ने मौके से सभी आठ आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अलीनगर, सकलडीहा, चंदौली, सैयदराजा, चकिया और इलिया थाना क्षेत्रों में आधा दर्जन से अधिक भैंस चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, गिरोह सुनसान स्थानों से मवेशी चोरी कर पिकअप से बिहार ले जाकर बेचता था। मामले में धारा 109(1)/317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

चंदौली में पुलिस का सघन चेकिंग अभियान,शराब के नशे में घूम रहे 27 लोगों पर हुई कार्रवाई


चंदौली। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर चकरघट्टा थाना पुलिस ने क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया। थानाध्यक्ष महेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सार्वजनिक मार्गों और स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों की जांच की तथा असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखी।
चेकिंग के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन कर अनावश्यक रूप से घूमते और शांति व्यवस्था भंग करने वाले कुल 27 व्यक्तियों को पुलिस ने पकड़ा। सभी के खिलाफ धारा 292 बीएनएस के तहत विधिक कार्रवाई करते हुए चालान किया गया। पुलिस के अनुसार कार्रवाई की जद में चकरघट्टा, नौगढ़ तथा आसपास के क्षेत्रों के निवासी शामिल हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर नशे की हालत में उत्पात करने अथवा शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। थाना पुलिस ने लोगों से अपील की कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधि न करें, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो। अभियान में थानाध्यक्ष महेश कुमार सिंह के साथ चकरघट्टा थाना पुलिस टीम शामिल रही।

मवेशी के अचानक सामने आने से अनियंत्रित हुई बाइक,डिवाइडर से टकराकर युवक की मौत


चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के जगदीशसराय के पास बुधवार को सड़क हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बाइक के सामने अचानक मवेशी आ गया। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और युवक डिवाइडर से जा टकराया। दुर्घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि अलीनगर थाना क्षेत्र के जफरपुरवा गांव निवासी मनीष यादव (22) बुधवार को बाइक से चंदौली की ओर आ रहा था। वह जैसे ही जगदीशसराय के समीप पहुंचा, इसी दौरान अचानक एक मवेशी सड़क पर आ गया। मवेशी को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित हो गई और मनीष सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान वह डिवाइडर से टकरा गया, जिससे गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। हादसे की जानकारी स्थानीय लोगों ने तत्काल सदर कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई की। मनीष की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। सदर कोतवाल बिंदेश्वर पांडेय ने बताया कि बाइक सवार युवक की मवेशी के कारण अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने से मौत हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

गियर बॉक्स के नीचे छिपा रखा था 3.92 करोड़ का सोना,कोतवाली पुलिस ने दो को दबोचा


चंदौली। सदर कोतवाली पुलिस और स्वाट एसओजी टीम ने बुधवार को मुखबिर की सूचना पर नवही पुलिया के समीप 2 किलो 565.720 ग्राम सोने व पांच मोबाइल फोन के साथ के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जिसकी अनुमति कीमत 3.92 करोड़ रुपये बताई जा रही है। उक्त मामले का खुलासा सीओ सदर ने कोतवाली में किया।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की KIA Carens कार संख्या HR22W2830 से दो लोग बिहार की ओर से अवैध सोना लेकर दिल्ली जा रहे हैं। सूचना पर नवही पुलिया हाईवे के पास पुलिस द्वारा वाहनों की चेकिंग शुरू की गई। इसी दौरान संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया तो चालक ने वाहन भगाकर निकलने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया। पूछताछ में चालक जुबेर मुबारक शेख निवासी शांगली, महाराष्ट्र और उसके साथ बैठे मनीष कुमार निवासी फतेहाबाद, हरियाणा ने गियर बॉक्स के नीचे बने बॉक्स में सोना छिपे होने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर दो सिल्लियों के रूप में पीली धातु बरामद हुई। दोनों कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। सूचना पर आयकर विभाग और राजस्व आसूचना विभाग के अधिकारी वैल्यूअर के साथ मौके पर पहुंचे। जांच और वजन में धातु का कुल वजन 2 किलो 565.720 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 3.92 करोड़ रुपये बताई गई। आयकर विभाग ने प्रारंभिक जांच में इसे विदेश में निर्मित सोना बताया। बरामद सोना नियमानुसार राजस्व आसूचना विभाग को सौंप दिया गया। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक बिन्देश्वर पाण्डेय,उपनिरीक्षक कन्हैया लाल मौर्या, अभिषेक तिवारी, स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक राम जन्म यादव, राणा प्रताप सिंह। अरविंद भारद्वाज, रामानंद यादव, आशुतोष सिंह सतीश सिंह, आरक्षी अमित सिंह, आरक्षी महेश कुमार,मौजूद रहे।

शिक्षक दिवस पर बिरहा-लोकगीत कार्यक्रम,मंगल कवि यादव ने बांधा समां


चंदौली। सकलडीहा रोड स्थित शिव मंदिर के समीप शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को बिरहा एवं लोकगीत बचाव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोकगीत और बिरहा जैसी पारंपरिक लोक विधाओं को संरक्षित करने के साथ नई पीढ़ी तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व भूमि संरक्षण अधिकारी इंजीनियर रामकेश सिंह ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान आयोजकों एवं कलाकारों ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के लोकगीत गायकों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से लोक संस्कृति की समृद्ध परंपरा को जीवंत किया। लोकगीत गायकों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर मौजूद दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान मंगल यादव कवि ने अपने गीतों की प्रस्तुति देकर महफिल लूट ली। उनके गीतों पर दर्शक देर तक झूमते और तालियां बजाते नजर आए। मुख्य अतिथि रामकेश सिंह ने कहा कि बिरहा और लोकगीत हमारी संस्कृति और ग्रामीण जीवन की पहचान हैं। इनके संरक्षण के लिए ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन जरूरी है। उन्होंने कलाकारों की सराहना करते हुए लोक विधाओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। इस दौरान श्री राम यादव, जवाहिर यादव,जाकिर अली, बृज मोहन, काशीनाथ, पारस आदि मौजूद रहे।

सपा प्रदेश कार्यकारिणी में एडवोकेट संदीप यादव को मिली अहम जिम्मेदारी,बने प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य


चंदौली। समाजवादी पार्टी ने चंदौली क्षेत्र के विजय नारायण पुर गांव निवासी एडवोकेट संदीप यादव को प्रदेश कार्यकारिणी में अहम जिम्मेदारी देते हुए प्रदेश कार्यकारिणी का सदस्य बनाया है। उनकी नियुक्ति की जानकारी मिलते ही जिले के सपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। जिला पंचायत सदस्य रमेश यादव के नेतृत्व में सपाइयों ने जिले में उनका जोरदार स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी।
स्वागत के दौरान एडवोकेट संदीप यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है। उसका वह पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने चंदौली जनपद को अपना परिवार बताते हुए कहा कि जिले के कार्यकर्ताओं और आमजन के साथ मिलकर पार्टी को मजबूत करने का काम किया जाएगा। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई और बेरोजगारी ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। प्रदेश और देश की जनता भाजपा सरकार की नीतियों से त्रस्त है। उन्होंने दावा किया कि आमजनमानस में भाजपा के प्रति भारी आक्रोश है। कहा कि भाजपा सरकार को जड़ से उखाड़ फेंकने में युवाओं की अहम भूमिका रहेगी। उन्होंने कहा कि देशभर में पेपर लीक, बेरोजगारी और मंदिरों में चोरी जैसी घटनाएं भाजपा की हार का कारण बनेंगी। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव में पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस दौरान अमित सोनकर, प्रवीण यादव, शोभनाथ यादव, नीलेश यादव, दिलावर यादव, अनिल यादव, सदानंद, बीरेंद्र, बेचू यादव मौजूद रहे।

पुलिस ने 101 खोए मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए,चेहरे पर लौटी खुशी


चंदौली। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर जनसुनवाई में प्राप्त खोए मोबाइल से संबंधित प्रार्थना पत्रों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। सीईआईआर पोर्टल से प्राप्त जानकारी और तकनीकी माध्यमों की मदद से सर्विलांस टीम ने विभिन्न स्थानों से 101 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 31 लाख रुपये बताई गई है।
मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक सदर ने बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे। मोबाइल स्वामियों ने चंदौली पुलिस के इस प्रयास की सराहना की। बरामद मोबाइलों में सकलडीहा के 19, मुगलसराय के 16, चंदौली के 13, बबुरी और धानापुर के नौ-नौ, चकिया के छह, शहाबगंज व सैयदराजा के छह-छह सहित अन्य थानों के मोबाइल शामिल हैं। पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक 519 गुम या खोए मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 1.52 करोड़ रुपये है। पुलिस ने लोगों से मोबाइल खोने पर तत्काल सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने और आईएमआई नंबर सुरक्षित रखने की अपील की है।

बारिश से तबाही को लेकर कांग्रेस ने उठाई आवाज,चंदौली को बाढ़ प्रभावित जिला घोषित करने की मांग


चंदौली। जनपद में लगातार हुई भारी बारिश से किसानों और आमजन को हुए नुकसान को लेकर कांग्रेसियों ने प्रशासन से राहत और मुआवजे की मांग की है। मंगलवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में कांग्रेसियों का प्रतिनिधिमंडल कलेक्ट्रेट पहुंचा और जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग से मुलाकात कर विभिन्न मांगों से संबंधित पत्रक सौंपा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि जनपद में व्यापक स्तर पर हुई बारिश के कारण किसानों की करीब 70 से 80 प्रतिशत फसल बर्बाद हो चुकी है। भारी बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी, जिससे लोगों के जान-माल को भी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने सरकार से चंदौली को बाढ़ प्रभावित जिला घोषित कर प्रभावित किसानों की बर्बाद फसलों का पूरा मुआवजा देने की मांग की।साथ ही सकलडीहा कस्बे सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण की वजह से बाधित गंदे नालों से अतिक्रमण हटाकर उनकी खुदाई कराने की मांग की। कहा कि नालों की सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी लोगों के लिए परेशानी का सबब बन रहा है। इसके अलावा सकलडीहा इंटर कॉलेज के एकमात्र खेल मैदान की समस्या भी उठाई। बताया कि मैदान वर्ष में करीब नौ महीने तक घुटने भर पानी से भरा रहता है। उन्होंने प्रशासन से मैदान से जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की। इस दौरान मधु राय, रामानंद यादव, रजनीकांत पांडेय, तौफीक खान, दया राम पटेल, मुनीर खान, राममूरत गुप्ता, गंगा प्रसाद, नवीन पांडेय, श्रीकांत पाठक, अमरदेव, इंद्रजीत मिश्रा, असगर अली, राकेश सिंह, रामौतार यादव, मुकेश नंदन, विजय कुमार, संजय मिश्रा, गुड्डू, गौरव मिश्रा, शमशेर खान, संतोष चौबे सहित सैकड़ों कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Chandauli:नगर में चला महाअतिक्रमण अभियान से ठेले-खोमचे वालों में मचा हड़कंप,सड़सा बाबा पोखरे पर मुर्गा-मछली की दुकानों को लेकर सख्ती,दोबारा अतिक्रमण पर कार्रवाई की चेतावनी


चंदौली। नगर में बढ़ते अतिक्रमण और सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से लगाए जा रहे ठेले-खोमचों के खिलाफ मंगलवार को नगर पंचायत और सदर कोतवाली पुलिस ने संयुक्त रूप से महा अतिक्रमण अभियान चलाया। अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार व सदर कोतवाल बिंदेश्वर पांडेय के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ चांदनी मार्केट सहित नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और बाजारों में अभियान चलाया गया। कार्रवाई से पूरे दिन दुकानदारों और ठेले-खोमचे वालों में खलबली मची रही।
अभियान के दौरान सड़क किनारे दुकान लगाकर आवागमन बाधित करने वाले ठेले-खोमचे वालों को पुलिस ने मौके से हटवाकर व्यवस्था दुरुस्त कराई। नगर पंचायत व पुलिस प्रशासन की ओर से बार-बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद सड़क पर ठेले लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई ठेले जब्त कर लिए गए। पुलिस और नगर पंचायत की टीम की सख्ती देखकर कई दुकानदार अपना सामान समेटते नजर आए। अभियान के दौरान सड़सा बाबा पोखरे के आसपास भी टीम पहुंची। यहां पोखरे के किनारे मुर्गा-मछली की दुकानें लगाने वाले दुकानदारों को पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि दोबारा सार्वजनिक स्थान पर दुकान लगाकर अतिक्रमण करने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने दुकानदारों से नगर की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग करने की अपील की। नगर पंचायत और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से चांदनी मार्केट समेत अन्य क्षेत्रों में दिनभर दुकानदारों के बीच हड़कंप की स्थिति बनी रही। अधिकारियों ने कहा कि अतिक्रमण के कारण आम लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं होने दी जाएगी। सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

आपसी विवाद में एक किशोर ने दूसरे किशोर पर किया चाकू से हमला,पेट में लगा वार,बीएचयू रेफर


चंदौली। चहनिया बलुआ थाना क्षेत्र के सोनवरसा गांव में सोमवार को बच्चों के आपसी विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक किशोर ने प्रिंस निषाद नामक किशोर के पेट में चाकू से वार कर दिया। चाकू लगने से प्रिंस गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि सोनवरसा गांव में बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। और मारपीट के दौरान एक किशोर ने कथित तौर पर चाकू निकालकर प्रिंस के पेट में वार कर दिया। घटना में प्रिंस के पेट में गंभीर चोट आई। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने तत्काल उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने घायल किशोर का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए उसे वाराणसी स्थित बीएचयू अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन उसे लेकर बीएचयू रवाना हो गए। जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना के बाद बताया गया कि घायल किशोर के परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना नहीं दी। बाद में जानकारी मिलने पर बलुआ पुलिस मामले की जांच में जुट गई। पुलिस विवाद की वजह और घटना में शामिल किशोरों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। इस संबंध में थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि दो बच्चे आपस में मारपीट कर लिए थे, जिसमें एक को चोट लगी है। उसका इलाज कराया जा रहा है।

Chandauli
light rain
32.7 ° C
32.7 °
32.7 °
62 %
1.5kmh
100 %
Thu
33 °
Fri
34 °
Sat
31 °
Sun
32 °
Mon
34 °
Verified by MonsterInsights