25.1 C
Chandauli
Tuesday, March 24, 2026

Buy now

Home Blog Page 195

सकलडीहा में गरजे Babu Singh Kushwaha‚ कहा संविधान व लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है BJP

सकलडीहा में चुनावी सभा को संबोधित जनअधिकारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबू सिंह कुशवाहा।
सकलडीहा में चुनावी सभा को संबोधित जनअधिकारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबू सिंह कुशवाहा।

Young Writer, सकलडीहा। भाजपा सरकार में संविधान और लोकतंत्र खतरे में है। क्योंकि इनकी सरकार बनी तो बाबा साहब द्वारा दिया गया गरीब, दलित, पिछड़े, शोषित व वंचितों का अधिकार छीन जायेगा। ये लोग अमीरों को और अमीर बना रहे है। गरीबों को और गरीब बना रहे है। उक्त बातें बाबूसिंह कुशवाहा ने इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए कही।

सकलडीहा में बाबूसिंह कुशवाहा की सभा में उपस्थित लोगों की भीड़।
सकलडीहा में बाबूसिंह कुशवाहा की सभा में उपस्थित लोगों की भीड़।

इस मौके पर जन अधिकार पार्टी के प्रत्येक सदस्यों को सपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील किया। जनअधिकारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा कि आज हमें जो बोलने व पढ़ने का मौका मिला है। यह बाबा साहब डा. आम्बेडकर के संविधान की देन है। आज भाजपा देश में लोकतंत्र पर पाबंदी लगाने के लिये संविधान को तोड़ने की साजिश रच रही है, जिससे गरीब पिछड़े, दलित और शोषित वंचित के बेटा बेटी और महिलाओं का अधिकार छीन जायेगा। इस लिये हम सभी सजग होकर इंडिया गठबंधन को मजबूत करते हुए लोक सभा प्रत्याशी को चुनाव जीता का संविधान को बचाने का काम करना होगा। सकलडीहा विधायक प्रभु नारायण सिंह ने कहा कि हर वर्ग का भला इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर होगा। इस मौके पर कांग्रेज प्रदेश महासचिव देवेन्द्र प्रताप सिंह मुन्ना,सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, जेएपी के जिलाध्यक्ष संजय सिंह मौर्या, इंदू मेहता, डा.काशीनाथ मौर्य, गनेश भारती, दिलीप गुप्त आदि मौजूद रहे।

झण्टों उस्ताद का सपना

रामजी प्रसाद भैरव
रामजी प्रसाद भैरव
Young Writer, साहित्य पटल। रामजी प्रसाद “भैरव” की रचना

झँटो उस्ताद को नींद का पहला झोंका आया ही था कि वह सपनों की दुनियां में विचरने लगे। नीले आकाश में सफेद सफेद बादल उनके आस पास घेरा बना कर खेल रहे थे । कहीं सुंदर सुंदर अप्सराएं हंसी ठिठोली करती चली जा रही हैं । कोई कोई तो झँटो उस्ताद को देखकर मुस्कुरा उठती । उस्ताद को भी अपनी बढ़ती उम्र का आभास नहीं था । वह युवा की तरह आनन्द के लहरों में गोते खा रहे थे । तभी राजा का स्वर्ण रथ उनकी ओर आता दिखाई दिया । रथ पर कई लोग सवार थे । जो हवा में हाथ हिला रहे थे । राजा भी विनम्रता से अभिवादन में हाथ जोड़े मुस्कुरा रहा , हालांकि मुस्कुराहट का साथ उसका चेहरा नहीं दे रहा था, फिर भी वह जबरजस्ती मुस्कुरा रहा था । कभी कभी रथ पर सजे पुष्पों को वह इधर उधर फेंक कर खुश हो रहा था।

फिर जाने कैसे अधनंगे लोगों की भीड़ राजा के सामने झुक झुक कर अभिवादन करने लगी । भीड़ की कृतज्ञता ऐसी थी कि जैसे उनका जीवन राजा का ऋणी है। राजा के रथ पर सवार लोग भीड़ देखते ही रथ से उतर कर राजा के फोटोयुक्त कार्यों के पर्चे भीड़ में बांटने लगे। भीड़ के चेहरे पर मुस्कान तैरने लगी । धीरे धीरे भीड़ बढ़ने लगी । अचानक भीड़ इतनी बढ़ गयी कि राजा का रथ मन्थर गति से चलने लगा । भीड़ रथ के दोनों किनारों पर चलने लगी । राजा भाषण देने लगा । वह एक एक कर भीड़ की दुःखती रग पर हाथ रखने लगा । भीड़ सुबकने लगी । फिर राजा ने दुःख दूर करने के सपने दिखाने लगा । भीड़ मुस्कुरा उठी । भीड़ के कुर्ते में जेबे नहीं हैं ।

राजा उपहार बांटने लगा । उपहार लोगों के हाथों में अट नहीं पा रहे थे । वे सिर पर रख कर भागने लगे । भीड़ छंटते ही रथ आंखों से ओझल हो गया । उस्ताद बादलों के साथ खेलते हुए आगे बढ़ गए । एक जगह नर पुंगवों का समूह रुदन कर रहा था । फिर देखते ही देखते रोटी के लिए लड़ने लगे । रोटी किसी के हाथ नहीं लगी । सब मन मार कर बैठ गए । उनके रोने का क्रम वैसे ही जारी था । उनका समवेत रुदन उस्ताद के मन को आहत कर रहा । उनकी प्रफुल्लता गायब हो गयी । उसके स्थान पर अवसाद ने मन को आवृत्त कर लिया । वे रुदन के स्वर को अनसुना नहीं कर सके । उनके पाँव स्वतः उधर मुड़ गए । पास आते ही उस्ताद ने उनसे पूछा -” आप लोग कौन हैं , क्यों रो रहे हैं ।” इतना पूछना भर था । उनका रुदन और तेज हो गया। उस्ताद उन्हें सांत्वना दे रहे थे । उन्होंने रोते हुए बताया ” हम लोक तंत्र की आत्मा हैं । हमारी दशा का जिम्मेदार राजा है।”

उस्ताद ने कहा-” लेकिन राजा तो लोकप्रिय है । वह लोगों को उपहार बांटता है । राजा के साथ भारी भीड़ है । ” लोगों ने कहा ” भीड़ को मूर्ख बनाया जा रहा है , हमें कुचला जा रहा है । “
” वह कैसे “उस्ताद ने आश्चर्य से पूछा
” देश में युवाओं को नौकरी न देकर , उन्हें भरमाया जा रहा है।

रोजगार के नाम पर अस्थिर जीवन दिया जा रहा है । महज कुछ सालों का रोजगार फिर सड़क पर , क्या इसी दिन के लिए युवाओं ने राजा को चुना था । राजा का धर्म के नाम पर लोगों को लड़ा कर , नफ़रत फैलाना क्या उचित है । विकास के नाम पर लोगो को भर्मित करना क्या ठीक है । देश की संपत्ति को अपने फायदे के लिए बेच देना ठीक है । हमारा राजा झूठ ज्यादा बोलता , क्या उसे यह शोभा देता है । अपने पूर्ववर्ती राजाओं को गाली देता है , क्या यह उचित है । वह अपने को इंसान की जगह भगवान मानता है । उसकी प्रजा भेड़ बकरियों की तरह है । जो समय आने पर वोट में तब्दील हो जाती हैं । भय , लालच , धर्म , वैमनस्यता आदि उसके हथियार हैं । जिसे वह समय समय पर प्रजा पर छोड़ता है । “
” इसमें गलत क्या है , सभी राजा करते हैं , उसने भी किया। ” झँटो उस्ताद ने टटोलने का प्रयास किया।

“यहाँ का नागरिक अब बौद्धिक नहीं रह गया है , जो खुद का विचार रख सके । वह राजा के तोतों का पाठ दुहरा रहे हैं। तोतें राजा का रटाया पाठ घूम घूम दुहराते हैं । प्रजा वही राग दुहरा रही है । जहाँ तक तुम्हारा कहना है कि सब राजा ऐसा ही करते हैं , तो तुम्हारा सोचना गलत है । हमारा राजा स्वयं को महिमामण्डित करने में जुटा है । सुना है स्वयं को भगवान का अवतार घोषित कर दिया है । अब वह दिन दूर नहीं जब स्वयं को पूजा करवाने की घोषणा कर दे।”
संवाद जोर पकड़ा ही था कि दरवाजे ठकठक से झँटो उस्ताद की नींद खुल गयी । देखा टी.वी चल रहा है । चुनाव का जुलूस अपने नेता का जयकारा लगा रहा है ।

जीवन परिचय-
रामजी प्रसाद ” भैरव “
जन्म -02 जुलाई 1976
ग्राम- खण्डवारी, पोस्ट – चहनियाँ
जिला – चन्दौली (उत्तर प्रदेश )
मोबाइल नंबर- 9415979773
प्रथम उपन्यास “रक्तबीज के वंशज” को उ.प्र. हिंदी संस्थान लखनऊ से प्रेमचन्द पुरस्कार ।
अन्य प्रकाशित उपन्यासों में “शबरी, शिखण्डी की आत्मकथा, सुनो आनन्द, पुरन्दर” है ।
कविता संग्रह – चुप हो जाओ कबीर
व्यंग्य संग्रह – रुद्धान्त
सम्पादन- नवरंग (वार्षिक पत्रिका)
गिरगिट की आँखें (व्यंग्य संग्रह)
देश की विभिन्न पत्र पत्रिकाओं में रचनाओं का प्रकाशन
ईमेल- ramjibhairav.fciit@gmail.com

सपा व भाजपा ने देश की जनता को दिया धोखाः विश्वनाथ पाल


सकलडीहा। भाजपा और आरएसएस के कार्यालय से सपा के लिये कार्ययोजना तैयार होती है। भाजपा और सपा देश की जनता को सिर्फ गुमराह कर रहे है। संविधान बचाने की बात करने वाले संविधान को बेच रहे है। उक्त विचार बुधवार को सकलडीहा इंटर कॉलेज के खेल ग्राउंड पर बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने बसपा उम्मीदवार के समर्थन में जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा।
इस मौके पर कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के हाथों को मजबूत करने और  बसपा के सपनों को साकार करने के लिये हर हाल में बूथ पर पहुंचकर अपने मतों का प्रयोग करने का आवाहन किया। प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक महंगाई चरम पर है। बेरोजगारी से युवा परेशान है।

गैस सिलेंडर से लेकर खाद के दाम और बिजली महंगी हो गया है। भाजपा ने देश के जनता से अच्छे दिन लाने का वादा किया था। आज दलित से लेकर पिछड़े समाज को सिर्फ गुमराह किया जा रहा है। सपा और भाजपा एक है। सपा के नेता ही भाजपा की सरकार बनाने आर्शीवाद दिया था। मंदिर में पूजा करने वाले बाबा अब सत्ता संभाल रहे है। जबतक सत्ता के मंदिर पर नहीं जायेंगे तब तक पिछड़े और दलित समाज का भला नहीं होगा। सपा की सारी नितिया भाजपा और आरएसएस के कार्यालय से तय होता है। इसलिये इनके साथ अब कोई नही रह गया है। मात्र एक एमपी वाले नेता घूम रहे है। अंत में दलित पिछड़ों और अल्पसंख्यकों से पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में वोट करने का आह्वान किया। इस दौरान पूर्व प्रत्याशी अमित यादव लाला ने महंगाई व बेरोजगारी के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा। कहा कि भाजपा सरकार ने रोजगार के अवसरों को पूरी तरह से समाप्त करने का काम किया। सरकारी कम्पनियों, एयरपोर्ट व रेलवे को निजी हाथों में सौंपकर बेरोजगारी को बढ़ाने का काम किया है। इसके अलावा अग्निवीर योजना को लाकर सेना में भर्ती होने वाले युवाओं के सपने को भी तोड़ने का काम किया है। ऐसी सरकार से युवाओं को सतर्क रहने की जरूरत है।

इस मौके पर मंडल प्रभारी घनश्याम खरवार, सुबोध राम, घनश्याम प्रधान, संतोष भारती, हेमंत कुशवाहा, रामअवध पाल, डा. विनोद, तिलकधारी बिंद, इरशाद अहमद, अमित यादव लाला, रमेश राम, राकेश शर्मा, प्रेम सिंह, श्याम सुंदर विश्वकर्मा सहित अन्य रहे।

Voter List से नाम कटा‚ मतदान के पहले पता चलते ही मायूस हुए मतदाता

वोटर लिस्ट

12 लोगों के परिवार में मात्र दो-तीन लोगों को मिली वोटर पर्ची

Young Writer, इलिया: लगातार मतदाता सूची में नाम जोड़ने की कवायद के बावजूद लोगों को अपने मताधिकार से वंचित होना पड़ेगा, क्योंकि बहुत से वैध मतदाताओं का नाम एक बार फिर मतदाता सूची से गायब है। इसकी जानकारी वोटरों को उस वक्त हुई जब एक जून को होने वाले मतदान के मद्देनजर बीएलओ मतदाता पर्ची को वितरित करने घर-घर पहुंचे। मतदाता सूची से नाम गायब देख मतदान करने को लेकर उत्साहित मतदाताओं में मायूसी छा गयी है।

विदित हो कि जनपद में एक जून को मतदान होना है। इसे लेकर जिला प्रशासन की ओर से मतदाता पर्ची का वितरण किया जा रहा है। मतदाता पर्ची के वितरण के साथ ही वोटर लिस्ट से एक ही परिवार के कई लोगों के नाम गायब होने की जानकारी सामने आयी। यह बात जब लोगों को पता चली तो उन्होंने अपने-अपने बूथ की मतदाता सूची में अपना व अपने परिवार के लोगों का नाम ढूंढने लगे, तब पता चला कि बड़े पैमाने पर लोगों का नाम मतदाता सूची से काट दिया गया है। यह कैसे हुआ यह जांच का विषय है, लेकिन नाम कटने से कई वैध मतदाता अपने वोट का इस्तेमाल करने से वंचित रह जाएंगे। स्थिति कुछ ऐसी है कि परिवार के 12 सदस्य हैं जिसमे दो से तीन सदस्यों का ही पर्ची मिली बाकी सदस्यों का मतदाता सूची से नाम ही गायब रहा। लोकतंत्र के निर्माण में भागीदारी की इच्छा लिए बिना मतदाताओं को बिना मत दिए ही घर पर बैठना होगा। लोगों का कहना है कि पिछले चुनाव तक मतदाता सूची में नाम था लेकिन लोकसभा चुनाव के सूची में नाम नहीं है। लोगों का कहना है कि नाम काटे जाने पर जब बीएलओ से पूछा गया तो वे संतोषजनक जवाब नही दे पाए। जिससे हम लोग लोकतंत्र के उत्सव में सहभागिता नही कर पाएंगे। मतदाता सूची में नाम नही होने से निर्वाचन आयोग के प्रति मतदाताओं की नाराजगी देखने को मिली।

Chandauli:तालाब में युवक का उतराया मिला शव,जांच में जुटी पुलिस

चंदौली। अलीनगर थानाक्षेत्र के मानसनगर मानसरोवर तालाब में बुधवार को एक 34 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौक़े पर जुटे आस पास के ग्रामीणों ने युवक का शिनाख्त करने का प्रयास किया लेकिन सफलता नही मिली लोगो ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी घटनास्थल पर पहुची पुलिस ने पुलिस ने ग्रामीणों व पुलिस की सहायता से युवक के शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। इस बाबत अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक शेषधर पांडेय ने बताया कि एक 34 वर्षीय अज्ञात युवक का शव तालाब में उतराया हुआ मिला है। प्रथम दृष्टया देखने से लगता है कि नहाने के लिये तालाब में उतरा होगा गहरे पानी मे जाने से डूब गया है। फिलहाल शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

भीषण गर्मीः ट्रांसफार्मर हिट होते ही विद्युत आपूर्ति घंटों रही ठप

सकलडीहा विद्युत उपकेन्द्र पानी गिराकर ट्रांसफार्मर को ठंडा करते विद्युत कर्मी।
सकलडीहा विद्युत उपकेन्द्र पानी गिराकर ट्रांसफार्मर को ठंडा करते विद्युत कर्मी।

तीन घंटा बिजली बंद कराकर ट्रांसफार्मर को दूसरे दिन भी किया गया ठंडा

सकलडीहा। प्रचंड गर्मी और तपन से निजात नहीं मिल रहा है। बुधवार को दूसरे दिन भी दोपहर एक बजे से 20-20 केवी ट्रांसफार्मर हिट हो गए। इस कारण तहसील और ग्रामीण क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद करा दिया गया। विद्युत कर्मियों द्वारा पानी गिराकर ट्रांसफार्मर ठंडा करने का प्रयास किया गया। करीब तीन घंटे तक विद्युत आपूर्ति ठप होने से गर्मी में लोग बेहाल रहे। जबकि ट्रांसफार्मर को ठंडा रखने के लिये एग्जॉस्ट लगाने का निर्देश दिया गया है।
लोकसभा चुनाव में बिजली की आपूर्ति निर्बाध रूप से मिलते रहे। इसको लेकर बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी अलर्ट है। दोपहर में करीब एक बजे सकलडीहा तहसील मुख्यालय के 20 केवीए की ट्रांसफार्मर हीट होने पर विद्युत कर्मियों आपूर्ति बंद करा दिया। इसके साथ ही ग्रामीण फीडर की भी आपूर्ति बंद कर दिया गया।। करीब एक घंटा तक पानी गिराकर ट्रांसफार्मर और चबुतरा को ठंडा करने का प्रयास किया गया। इसके पूर्व में स्विच यार्ड में लगे टीपीएमओ का ग्रिसिंग कराया गया। करीब तीन घंटा आपूर्ति बाधित रहा। इस बाबत एसडीओ सतीश कुमार ने बताया कि पारा अधिक होने के कारण ट्रांसफार्मर हीट हो जा रहे है। जिसके कारण आपूर्ति को बंद करना पड़ा। शाम तक सभी चारों ट्रांसफार्मर के पास एग्जास्ट कूलर लगाया जाएगा, जिससे बिजली की कटौती से निजात मिल सके।

Manoj Singh W का आरोप‚ जांच के नाम पर विपक्ष को डरा रहा जिला प्रशासन व पुलिस

सैयदराजा में रात्रि में मनोज सिंह डब्लू के वाहनों को चेक करती पुलिस।
सैयदराजा में रात्रि में मनोज सिंह डब्लू के वाहनों को चेक करती पुलिस।

सपा नेता बोले, भाजपा की गाड़ियों चेक हो जाएं तो मिल जाएंगे करोड़ों की नकदी व शराब

Young Writer, चंदौली। सपा के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक सैयदराजा मनोज सिंह डब्लू व चंदौली पुलिस पुलिस मंगलवार की रात एक बार फिर आमने-सामने रही। समर्थकों से मुलाकात कर अपने आवास लौट रहे पूर्व विधायक की गाड़ियों को पुलिस ने रोक लिया और लोकसभा चुनाव का हवाला देते हुए उनके गाड़ियों की चेकिंग की। इस कार्य में सपा नेता ने पूर्ण सहयोग किया। साथ ही यह भी कहा कि विपक्ष की गाड़ियों की बजाय उन्हें सत्ता पक्ष व भाजपा के केंद्रीय मंत्री की गाड़ियों को चेक करना चाहिए, लेकिन पुलिस ऐसा नहीं कर सकती।

सैयदराजा में रात्रि में मनोज सिंह डब्लू के वाहनों को चेक करती पुलिस।
सैयदराजा में रात्रि में मनोज सिंह डब्लू के वाहनों को चेक करती पुलिस।

उन्होंने दावा कि यदि पुलिस भाजपा का झंडा लगाकर जनपद में फर्राटा भर रहे भाजपा नेताओं की गाड़ियों को चेक करना शुरू कर दे तो उन्हें करोड़ों रुपये नकदी व शराब की खेप मिल जाएगी, जो इस वक्त चुनाव को प्रभावित करने के लिए इस्तेमाल में लायी जा रही है। भाजपा की गाड़ियों को चेक करने की बजाय पुलिस उन्हें अपनी सुरक्षा में परिवहन कराने में सहयोग दे रही है। वहीं विपक्ष के नेताओं पर निर्वाचन आयोग के नियम-कायदे का हवाला देते हुए जांच-पड़ताल कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का षड्यंत्र किया जा रहा है। कहा कि पुलिस-प्रशासन पूरी तरह से सत्ता पक्ष के दबाव में आकर चुनावी लड़ाई को एकतरफा करने की साजिश का हिस्सा बन गयी है। यही वजह है कि लोकसभा चुनाव की अधिसूचना लगे इतना समय हो गया, लेकिन पुलिस-प्रशासन ने एक भी ऐसी तस्वीर सार्वजनिक नहीं की, जिसमें वह भाजपा के बड़े नेताओं, मंत्रियों व भाजपा उम्मीदवार की गाड़ी को चेक कर सके। कहा कि पुलिस-प्रशासन को चुनाव के दौरान अपनी निष्पक्ष छवि पेश करने की जरूरत है, लेकिन इसके विपरीत व सत्ता पक्ष के दबाव में दिन प्रतिदिन झुकती चली जा रही है, जो स्वस्थ लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा है।

Heat Wave: गर्मी से बेहाल दुकान के बाहर अचेत होकर गिरा व्यापारी, मौत

गर्मी में पशुओं की करें देखभाल

सकलडीहा। सकलडीहा रेलवे क्रासिंग के समीप मंगलवार को शाम चार बजे करीब गर्मी से बेहाल 48 वर्षीय एक व्यापारी अचेत होकर अपने दुकान के बाहर गिर गया। आनन फानन में ग्रामीण सकलडीहा सीएचसी ले गये। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। बलुआ घाट पर अंतिम दाह संस्कार परिजनों की ओर से किया जायेगा।
बरठी गांव के स्व.गोवर्धन जायसवाल के दो पुत्र रामकुमार जायसवाल और भूपेन्द्र जायसवाल है। 48 वर्षीय रामकुमार जायसवाल सकलडीहा रेलवे क्रासिंग के समीप जनरल की दुकान है। सुबह से ही प्रचंड गर्मी से लोग बेहाल थे। शाम पांच बजे करीब दुकान पर रामकुमार जायसवाल गर्मी व तपन से परेशान होकर अचेत होकर गिर गया। आसपास के दुकानदार और ग्रामीणों के सहयोग से सकलडीहा सीएचसी लाया गया। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी होने पर आगनबाड़ी कार्यकत्री पत्नी प्रियंका जायसवाल, पुत्र सिर्द्धात जायसवाल, पुत्री सुहानी व आस्था का रोते रोते बुरा हाल था। बलुआ घाट पर अंतिम दाह संस्कार को लेकर परिजन तैयारी में जुट गये।

Sports : चेतक दौड़ प्रतियोगिता में गहमर ने मारी बाजी

महमदपुर में फीता काटकर उद्घाटन करते पूर्व उपज्येष्ठ प्रमुख राजीव सिंह।
महमदपुर में फीता काटकर उद्घाटन करते पूर्व उपज्येष्ठ प्रमुख राजीव सिंह।

Young Writer, चहनियां। क्षेत्र के महमदपुर स्थित गांव में पूर्व प्रधान स्वर्गीय हरिनाथ यादव के स्मृति में एक दिवसीय चेतक दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसका फीता काटकर मुख्य अतिथि पूर्व उपज्येष्ठ प्रमुख राजीव सिंह मुन्ना ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
प्रतियोगिता में गाजीपुर, मऊ व चन्दौली आदि जनपदों से पचास घोड़ सवार ने प्रतिभाग किया। राजकुमार गोरख यादव द्वारा घोड़ा दौड़ प्रतियोगिता कराया गया। प्रतियोगिता में गहमर गाजीपुर के सुधीर सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जिन्हें इनाम स्वरूप साइकिल, कूलर व शील्ड प्रदान किया गया। द्वितीय स्थान चन्दौली के रामजन्म यादव ने प्राप्त किया। इस दौरान मुख्य अतिथि राजीव सिंह मुन्ना ने कहा कि यह रैली अपने आप में एक अलग ही पहचान रखती है। जो ग्रामीण इलाकों में बहुत ही कम दिखने को मिलता है। आज के दौर में लोग अन्य खेलों के पीछे भागते है। यह प्रतियोगिता अब हर वर्ष होगा। इस दौरान सुभाष यादव, बिरेन्द्र यादव, फारुख भाई, ओम प्रकाश यादव, माधव आनन्द यादव, ज्ञानी जैल सिंह, बाबू राम आदि उपस्थित थे।

कर्मनाशा किनारे किसान की तेंदुए ने दबोची गर्दन‚ ताबड़तोड़ किए कई वार

जिला अस्पताल चंदौली में घायल युवक हाल जानते मनोज सिंह डब्लू।
जिला अस्पताल चंदौली में घायल युवक हाल जानते मनोज सिंह डब्लू।

घटना की जानकारी के बाद घायल युवक को लेकर अस्पताल पहुंचे Manoj Singh W

Young Writer, चंदौली। कंदवा थाना क्षेत्र के अरंगी गांव के सिवान में कर्मनाशा नदी किनारे मंगलवार को एक बार फिर तेदुंआ चहलकदमी करते हुए दिखा। इसी बीच खेतों पर जा रहे अरंगी निवासी रितेश सिंह पर तेंदुआ ने हमला बोल दिया। तेंदुआ ने रितेश के हाथ, गला और सिर पर ताबड़तोड़ कई वार किए। बावजूद इसके रितेश सिंह ने हिम्मत दिखाई और आसपास के लोगों को मदद के लिए पुकारा। तभी ग्रामीण शोर करते हुए मौके की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों को आता देखकर तेंदुआ रितेश को छोड़कर नदी की ओर भाग निकला। इस घटना से अरंगी सहित आसपास के गांव में दहशत का माहौल है।

घटना की जानकारी होते ही सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह डब्लू मौके पर पहुंचे और घायल रितेश के उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने घायल रितेश सिंह का दवा-ईलाज कर उन्हें छुट्टी दे दी। चिकित्सकों ने बताया कि युवक के हाथ में प्लास्टर होने के कारण उसे गंभीर चोटें नहीं आईं है। लेकिन उसके गर्दन व सिर पर तेदुंए के दांतों के गहरे निशान व जख्म है। दवा-ईलाज कर दिया गया है। फिलहाल युवक खतरे से बाहर है।

दूसरी ओर Manoj Singh W ने बताया कि विगत दो-तीन दिनों से तेंदुआ अरंगी क्षेत्र में कर्मनाशा किनारे चहलकदमी करते हुए देखा जा रहा है। ग्रामीणों द्वारा पुलिस को इसकी सूचना दी गई थी। बावजूद इसके अभी तक तेंदुए को पकड़ने के लिए कोई कार्यवाही नहीं की। बताया कि आज उन्होंने एक बार फिर कंदवा थाना प्रभारी को तेंदुए द्वारा युवक पर किए गए हमले की सूचना दे दी गयी है। साथ ही ग्रामीणों से भी सतर्क रहने के लिए कहा गया है। जिला प्रशासन से मांग किया कि जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़े की कार्यवाही अमल में लायी जाए, ताकि फिर से तेंदुए के हमले की घटना की पुनरावृत्ति न होने पाए।

Chandauli
overcast clouds
25.1 ° C
25.1 °
25.1 °
42 %
1kmh
90 %
Tue
35 °
Wed
37 °
Thu
39 °
Fri
36 °
Sat
38 °

You cannot copy content of this page

Verified by MonsterInsights