पुलिस ने 15 नामजद समेत 10 अज्ञात को बनाया अभियुक्त, धर-पकड़ के लिए दबिश जारी
Young Writer, चंदौली। जनपद के कंदवा थाना क्षेत्र के कोदई गांव में दो पक्षों में मारपीट हो गई थी। सूचना पर मौके पहुंची पुलिस पर एक पक्ष के लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें थाना प्रभारी राजेश कुमार सरोज सहित 7 पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद गांव जहां तनाव की स्थिति कायम है, वहीं इस मामले में पुलिस ने गांव के 15 नामजद सहित 10 अज्ञात के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी धर-पकड़ के लिए दबिश दे रही है।
बताते हैं कि कुछ महीने पहले कोदई गांव में लगभग 2 वर्ष मासूम की गांव स्थित पोखरी में डूबने से मौत हो गई थी, जिसको लेकर मासूम के पक्ष के लोग दूसरे पक्ष के साथ गाली गलौज कर रहे थे। सूचना पाकर मौके पहुंची थाना कदवा पुलिस पर एक पक्ष के लोगों ने हमला बोल दिया जिसमें थाना प्रभारी राजेश कुमार सरोज सहित संजय मिश्रा, अजय कुमार यादव, जय मोहन यादव, राजकुमार साहनी, अशोक यादव, वीरेंद्र यादव घायल हो गए हैं, जिनका जिला अस्पताल में इलाज जारी है, वही गांव में तनावपूर्ण स्थिति है। एसपी अंकुर अग्रवाल ने बतया कि पीड़ित पक्ष से प्राप्त तहरीर के आधार पर कंदवा थाने में आठ नामजद व 10 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। कंदवा थाना प्रभारी राजेश कुमार सरोज की तहरीर पर पुलिस ने धारा-147, 148, 149, 332, 333, 353, 504, 506, 342, 307, 395, 397 आईपीसी के साथ ही 7 सीएलए एक्ट में 15 को नामजद किया है, वहीं 10 अज्ञात अभियुक्तों के विरूद्ध भी अभियोज पंजीकृत है। पुलिस के दावों के मुताबिक कुछ हमलावरों को पुलिस ने दबोच लिया है, वहीं अन्य फरार चल रहे अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर धर-पकड़ अभियान चलाया जा रहा है। कोदई गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस व पीएसी बल को तैनात किया गया है। घटना में घायल पुलिस वालों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। एसपी ने बताया कि मामले में घायल पुलिस वालों की स्थिति में सुधार है और पुलिस गुंडा एक्ट के तहत कार्यवाही करेगी।