चंदौली। जनपद जनपद के बनौली खुर्द गांव में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का स्लैब अचानक भरभराकर गिर गया ब्रिज के स्लैब की ढलाई का कार्य चल रहा था तभी अचानक पूरा स्लैब ध्वस्त हो गया। जिससे वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दबकर घायल हो गए। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। एएसपी के अनुसार फिलहाल एक व्यक्ति के घायल होने की पुष्टि हुई है।
ग्रामीणों ने इस हादसे के पीछे घटिया निर्माण कार्य को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि निर्माण में निम्न गुणवत्ता के मटेरियल का इस्तेमाल किया जा रहा था और बिना किसी इंजीनियर की निगरानी के काम चल रहा था। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि उन्होंने पहले ही जनसुनवाई ऐप और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन प्रशासन ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया।घटना के बाद ठेकेदार और जिम्मेदार लोग मौके से फरार बताए जा रहे हैं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्ल्यू ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया साथ ही उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि लापरवाही और भ्रष्टाचार के कारण ही इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। यह हादसा निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

