चंदौली। यूजीसी इक्विटी रेगुलेशन लागू करने की मांग को लेकर मंगलवार को ऑल इंडिया फोरम फॉर इक्विटी के बैनर तले विभिन्न संगठनों ने जिला मुख्यालय पर समता अधिकार मार्च निकाला। बिछिया धरना स्थल से शुरू हुआ यह मार्च जिलाधिकारी कार्यालय तक पहुंचा, जहां राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।
इस दौरान इंकलाबी नौजवान सभा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुनील मौर्य ने कहा कि विश्वविद्यालयों में बढ़ते लैंगिक और जातिगत भेदभाव को रोकने के लिए यूजीसी इक्विटी रेगुलेशन को प्रभावी रूप से लागू करना बेहद जरूरी है। वहीं अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला संगठन की प्रदेश सचिव कुसुम वर्मा ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा इस रेगुलेशन पर लगाई गई अस्थायी रोक ठीक नही है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज सिंह काका और जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने भी आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि समानता के लिए उठाए गए कदमों को रोकना उचित नहीं है। उन्होंने विश्वविद्यालयों में बढ़ते उत्पीड़न के मामलों पर चिंता जताई। कार्यक्रम की अध्यक्षता ठाकुर प्रसाद और संचालन श्रवण मौर्य ने किया।

