चंदौली। जिला कांग्रेस कमेटी व शहर कांग्रेस कमेटी मुग़लसराय के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को जिला अध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान जनहित से जुड़ी पाँच सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया और शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई।
इस दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना ने भाजपा सरकार पर जनविरोधी नीतियों का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में मनरेगा मजदूरों की करीब 75 दिनों की मजदूरी बकाया है। साथ ही हजारों करोड़ रुपये के भुगतान लंबित हैं और संविदा कर्मियों को महीनों से मानदेय नहीं मिला है। जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने प्रशासन से मांग की कि मनरेगा मजदूरों का बकाया भुगतान, संविदा कर्मियों का मानदेय, रसोई गैस की कालाबाजारी पर रोक और बिजली विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार खत्म किया जाए। उन्होंने चेतावनी दिया कि मांगें पूरी न होने पर कांग्रेस सड़कों पर उतरकर जनआंदोलन करेगी। इस मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

