डीडीयू नगर। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के कूड़ा बाजार पुलिस चौकी अंतर्गत लाठ नंबर 1 स्थित अरविंद प्रेस के सामने गुरुवार की शाम गुब्बारे में गैस भरने वाला सिलेंडर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। इस हादसे में संचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। साथ ही दो लोगों को हल्की चोटें आईं।
घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर प्राथमिकी उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई। बताते हैं कि लाठ नंबर-1 पर चुन्नू ठठेरा प्रभु चौहान के मकान में किराए पर रहता था। मकान के बाहर गुब्बारे में गैस भर कर बेचता है। इसी से उसके परिवार का भरण पोषण होता है। गुरुवार को भी वह गुब्बारा बेच रहा था।

इसी दौरान चार बजे के लगभग सिलेंडर में अचानक ब्लास्ट हो गया है, जिससे धूल का गुब्बार चारों तरफ उड़ने लगा। धमाका इतना तेज था कि लोग दहल उठे। सामने एक प्रिंटिंग प्रेस के दुकान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। दुकानदार पंकज राव व राहुल भी मामूली रूप से जख्मी हो गया। दुकान संचालक चुन्नू ठठेरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी होते ही कस्बा चौकी प्रभारी विजय राज अपने हमराहियों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। धमाका इतना तेज था कि उसके प्रभाव से आसपास के मकानों और दुकानों को भी नुकसान पहुंचा है। कई जगहों पर दीवारों और छतों में दरार आ गईं। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि गुब्बारे में गैस भरने वाले सिलेंडर में अज्ञात कारणों से ब्लास्ट हुआ है, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
इनसेट —
लीक कर रहा था सिलेंडर
डीडीयू नगर। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के कूड़ा बाजार पुलिस चौकी अंतर्गत लाठ नंबर 1 स्थित अरविंद प्रेस के सामने गुरुवार की शाम गुब्बारे में गैस भरने वाला सिलेंडर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। लोगों ने बताया कि गुब्बारे सिलेंडर से काफी दिनों लीकेज हो रहा था। आस पास के लोगों ने चुन्ना ठठेरा को चेताया भी था। बावजूद उसी सिलेंडर से काम कर रहा था। जिसका परिणाम लोगों को देखने को मिला।
इनसेट
ब्लास्ट से दहला इलाका ,सहम गए लोग
डीडीयू नगर। नवरात्रि के दिन नगर के लाट नम्बर एक में हुए धमाके की आवाज एक किलोमीटर के दायरे में सुनी गईं। घटनास्थल पर कुछ देर धूल का गुब्बार उठ रहा था। नगर में इस तरह के ब्लास्ट की शायद पहली घटना है। गुबार देख लोग घबरा उठे। कयासों का दौर शुरू हो गया लोगों को लगा कि बड़े वाहन का टायर फटा है। किसी ने कहा कि घर में गैस सिलेंडर फट गया। लोगों को आभास नहीं हो रहा था।जब मौके पर लोग पहुंचे तो देखा कि चुन्नू ठठेरा कि गैस सिलेंडर ब्लास्ट हो गया और वह घायल होकर कराह रहा है। इस धमाके से एक दुकान में बक्से और अलमारी पिचक गये, अरविंद प्रेस की दीवार ढह गई। घटना के बाद सिलेंडर और एयर गैस से काम करने वाले पुलिस के भय के चलते दुकान बंद कर फरार हो गए।

