चंदौली। बबुरी थाना क्षेत्र के मुगलसराय-चकिया मार्ग पर नरहरपुर गांव के समीप रविवार को ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक साईकिल सवार किशोर की मौत हो गई। मौक़े पर जुटे आस पास के ग्रामीणों ने घटना को लेकर चक्का जाम कर दिया। सूचना पर पहुची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाबुझाकर शांत कराया और शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
नरहरपुर गांव निवासी आरव उर्फ लक्की 12 वर्ष साइकिल पर सवार होकर अपने घर से चाचा के घर के लिए निकला था। जैसे ही वह मुगलसराय–चकिया मार्ग पर पहुंचा तभी तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में किशोर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण व परिजन मौके पर एकत्र हो गए। और चक्का जाम कर दिया। इसी बीच किसी ने घटना की सुचना बबुरी पुलिस को दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्वजन को समझा बुझाकर भारी मशक्कत के बाद जाम समाप्त कराया तथा ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर थाने ले आई। और आगे की कार्यवाही में जुट गई।

